भागलपुर : न्यू इयर पार्टी में शामिल होने विभिन्न जगहों से शहर आयी महिलाएं रविवार की रात प्रभात खबर के कंबल वितरण अभियान से जुड़ीं. महिलाओं ने खलीफाबाग चाैक पर ठंड से परेशान रिक्शा चालकों के बीच कंबल वितरण किया.
महिलाओं में रानी तालाब की गीता देवी, सुलतानगंज की रिया कुमारी, इस्माइलपुर की सुनैना देवी व मुंदीचक की शोभा देवी शमिल थीं. सुलतानगंज की रिया कुमार ने कहा कि वे हमेशा गरीबों की मदद करती रही हैं.
प्रभात खबर के माध्यम से गरीबों की मदद करने का मौका मिला, यह उनके लिये जीवन के यादगार लम्हों में. महिलाओं ने प्रभात खबर व पूरी टीम को धन्यवाद दिया. इधर, रिक्शा चालकों में तातारपुर के मो जहांगीर, रजौन के विशु दास आदि ने कंबल पाकर ठंड से राहत महसूस किया. सभी तकरीबन 15 साल से रात में ही रिक्शा चलाते रहे हैं.
ठंड बरकरार, पारा पहुंचा 3.8 डिग्री
सबौर. बीएयू के नोडल पदाधिकारी डॉ वीरेंद्र कुमार के अनुसार पछिया हवा के कारण ठंड बरकरार रहेगी. अभी मौसम में कोई परिवर्तन नहीं होगा. दो-तीन दिनों में पारा और गिरने की संभावना है. रविवार को अधिकतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा. आर्दता 92 प्रतिशत और पछिया हवा 4.1 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली.
