भागलपुर : शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों ने शनिवार को सरकारी स्कूलों में पहुंच कर यहां के संसाधन, शिक्षक व छात्रों की उपस्थिति की जांच की. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एमडीएम नीलिमा कुमारी को श्री हनुमान आदर्श मध्य विद्यालय की जांच की जिम्मेदारी दी गयी थी.
अधिकारी ने स्कूल के निरीक्षण के दौरान पाया कि स्कूल से कई छात्र अनुपस्थित है. वहीं छह में से तीन शिक्षक छुट्टी पर थे. हनुमान आदर्श मध्य विद्यालय को श्याम सुंदर विद्यालय निकेतन एमजी रोड में शिफ्ट किया गया है. इस परिसर में चार स्कूलाें का संचालन किया जा रहा है.
इनमें हनुमान आदर्श मध्य विद्यालय, श्याम सुंदर विद्या निकेतन के अलावा उच्च विद्यालय चांदीपट्टी और श्याम सुंदर प्राथमिक विद्यालय हैं. जानकारी मिली कि सभी चार स्कूलों में पढ़ाने के लिए 21 शिक्षक मौजूद थे. वहीं सभी स्कूलों को मिला कर महज 50 छात्र पढ़ने आये थे. छात्रों की कम उपस्थिति को देख कर अधिकारी काफी नाराज हुई. सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापक को कहा गया कि छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के उपाय करें. स्कूल नहीं आ रहे छात्रों का नाम काटा जाये.
स्कूल के प्रवेश द्वार पर कचरे का मिला ढेर
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी जनार्दन प्रसाद विश्वास को प्राइमरी स्कूल मुर्तजाचक की जांच की जिम्मेदारी दी गयी थी. इस स्कूल को प्राइमरी स्कूल वारसलीगंज में शिफ्ट किया गया है. स्कूल के प्रवेश द्वार और पीछे कचरे का ढेर मिला. वहीं रास्ते पर नाले का पानी बह रहा था. आसपास के लोग महुआ की शराब बनाकर इसकी गंदगी यहां पर डाल रहे हैं.
जांच में पाया गया कि दो शिक्षक विलंब से पहुंचे. जिसे अधिकारी ने डांट फटकार लगाकर समय के पालन का निर्देश दिया. स्कूल से 50 प्रतिशत छात्र गायब मिले. वहीं प्रधानाध्यापक को स्कूल की साफ सफाई के निर्देश दिये गये. वहीं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एसएसए वीरेंद्र कुमार उर्दू प्राथमिक विद्यालय जब्बारचक का निरीक्षण करने पहुंचे. इस स्कूल में 110 में 89 छात्र उपस्थित मिले. वहीं दो कमरे में चल रहे विद्यालय में बैठने की कमी देखी गयी. स्कूल में शौचालय व पानी की व्यवस्था सामान्य थी.
