नाथनगर : गांधी जयंती के मौके पर मंगलवार को अंग मदद फाउंडेशन के नाथनगर स्थित सभागार में महात्मा गांधी के जीवन चरित्र, संघर्ष और सत्याग्रह पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन एसएसपी आशीष भारती ने किया. मौके पर पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुये एसएसपी ने कहा कि वर्तमान परिवेश में देश व दुनिया में इंसान और इंसानियत के बीच नफरत बढ़ती जा रही है.
ऐसे में गांधी के विचार आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं. गांधी के विचारों पर चलकर ही एक बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है.उन्होंने बापू की तस्वीरों का अवलोकन किया. फाउंडेशन की ओर से एसएसपी को स्मृति चिह्न व बापू की फोटो भेंट की गयी. इसके लिये उन्होंने अंग मदद फाउंडेशन द्वारा चलाये जा रहे नि:शुल्क प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं व छात्राओं को आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बनाने की सराहना की और संस्था की सचिव वंदना झा को धन्यवाद दिया.
इस मौके पर कुमार कृष्णन, शिक्षक हिमांशु शेखर ठाकुर, त्रिपुरारी कुमार, कौस्तुभ सरकार, दीपक झा, प्रियांशु सिंह, सोनी खानम व आमरीन खान समेत 50 से अधिक प्रशिक्षण ले रही छात्राएं उपस्थित थीं. दूसरी ओर सुखराज इंटरस्तरीय विद्यालय में भी गांधी जयंती मनाई गयी. इस मौके पर प्रभातफेरी व झांकी निकाली गयी. सुभाष चौक पर सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के पास बापू के भेष में छात्र का नाट्य रूपांतरण की लोगों ने खूब सराहना की.
