रामधाम मंदिर मार्ग पर जलजमाव से राहगीर परेशान,नगर परिषद की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल

बगहा के वार्ड 26 और 27 में रामधाम मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर जलजमाव की समस्या से स्थानीय लोग बुरी तरह त्रस्त हैं. लाखों रुपये खर्च के बावजूद नगर परिषद प्रशासन जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने में नाकाम रहा है, जिससे नागरिकों में भारी आक्रोश है.

Bagaha Waterlogging Crisis: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 26 एवं 27 में रामधाम मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर जलजमाव की समस्या से स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.डॉ.राजेश सिंह नीरज के घर के समीप मुख्य सड़क पर पानी जमा रहने के कारण आम राहगीरों,स्कूली बच्चों और मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर हुए इस भारी जलभराव के कारण स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नगर परिषद प्रशासन की कार्यशैली को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है.

लाखों के खर्च के बाद भी जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं 

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर परिषद हर वर्ष नालियों की सफाई और रखरखाव पर लाखों रुपये खर्च करने का बड़ा दावा करती है.इसके बावजूद क्षेत्र में जल निकासी की अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की जा सकी है.परिणामस्वरूप हल्की बारिश के बाद ही पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है.लोगों को इसी गंदे और बदबूदार पानी से होकर मजबूरन गुजरना पड़ता है.इससे जहां एक तरफ हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है,वहीं दूसरी तरफ गंभीर संक्रमण फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है.

नाली निर्माण न होने से बढ़ी समस्या,अधिकारियों ने दिया आश्वासन 

वार्ड संख्या 26 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि डॉ.राजू सिंह ने बताया कि वार्ड संख्या 27 में सरकारी जमीन स्थित है.इस स्थान का निरीक्षण नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार बैठा भी स्वयं कर चुके हैं.स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया था कि वहां एक पुलिया बनाकर पाइप डाल दिया जाए,ताकि पानी की निकासी आसानी से हो सके.लेकिन संबंधित क्षेत्र में नाली का निर्माण नहीं होने के कारण जलजमाव की समस्या जस की तस बनी हुई है.इधर कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार बैठा ने बताया कि सफाई एजेंसी को नालियों की विशेष सफाई के निर्देश दिए गए हैं.उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही जल निकासी कराकर समस्या का समाधान किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Israel ansari

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >