Bettiah News: पश्चिम चंपारण के मैंनाटांड प्रखंड की इनरवा पंचायत के वार्ड संख्या-6 में जर्जर बिजली तार के कारण पिछले चार से पांच दिनों से दलित और महादलित टोलों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है. भीषण उमस और गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या अस्थायी नहीं, बल्कि जर्जर तारों के कारण लगातार बनी हुई है.
बार-बार जल रहा तार, हर शाम छा जाता है अंधेरा
स्थानीय लोगों के अनुसार बिजली का तार इतना पुराना और खराब हो चुका है कि बार-बार जल जाता है. बिजली मिस्त्री को बुलाकर आपूर्ति बहाल की जाती है, लेकिन शाम होते-होते किसी दूसरे स्थान पर फिर तार जल जाने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है.
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पूरे जर्जर तार को नहीं बदला जाएगा, तब तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकती.
दूसरे वार्ड भी झेल रहे बिजली संकट
ग्रामीणों ने बताया कि इनरवा पंचायत के वार्ड संख्या-3 और 4 में भी लगभग यही स्थिति है. वहां भी पुराने तारों में लगातार फॉल्ट आने से लोगों को नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है.
बिजली संकट से नाराज लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जल्द नए तार लगाने की मांग की.
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
विरोध प्रदर्शन में ऐसा खातून, पार्वती देवी, सुभाष राम, शारदा देवी, मुंद्रिका रावत, शिवपूजन रावत, पारस रावत, नजरुल अंसारी, वसी अख्तर अंसारी, इमाम अंसारी, मुस्तफा अंसारी, शेख दुआ हकीम और इकबाल मियां सहित कई ग्रामीण शामिल रहे.
बिजली विभाग ने दिया आश्वासन
मामले पर कनीय अभियंता (जेई) ऋषि देव ने बताया कि जर्जर बिजली तार वाले सभी स्थानों की पहचान की जा रही है.
उन्होंने कहा कि बहुत जल्द पुराने तारों को बदल दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल हो सकेगी.
