Tiger Attack News: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) से सटे क्षेत्र में बाघ के हमले में जान गंवाने वाले किसान अकलू यादव के परिजनों से मिलने शनिवार को वन विभाग की टीम उनके आवास पहुंची. वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी (रेंजर) सत्यम कुमार के नेतृत्व में पहुंचे अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और सरकारी प्रावधानों के तहत हरसंभव सहायता तथा मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया.
इलाज के दौरान हुई थी किसान की मौत
हाथी मलखंता जंगल से सटे क्षेत्र में बकरी चराने के दौरान 60 वर्षीय अकलू यादव पर बाघ ने हमला कर दिया था. गंभीर रूप से घायल किसान को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई थी.
हमलावर बाघ भी मिला था मृत
घटना वाले दिन ही हमलावर बाघ भी घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृत पाया गया था. प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले. वन विभाग ने पोस्टमार्टम कराकर आवश्यक नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं. मामले की जांच जारी है.
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद वन्यजीव हमले में मृत्यु के मामलों में निर्धारित सरकारी प्रावधानों के अनुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने परिजनों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी.
वन विभाग ने जंगल से सटे गांवों के लोगों से सतर्क रहने, अकेले जंगल या उसके आसपास नहीं जाने तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की. वहीं ग्रामीणों ने बाघ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की.
