West Champaran News: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के जंगल से निकलकर एक बाघ के रिहायशी इलाके तक पहुंचने की सूचना से रामनगर क्षेत्र में दहशत फैल गई है. बाघ के ताजा पगमार्क रामनगर के छंगुरही बंजरिया गांव के सरेह में मिले हैं.
एक रात में दोन नहर पार कर पहुंचा बाघ
जानकारी के अनुसार बाघ एक ही रात में दोन नहर पार कर भावल क्षेत्र से लगभग तीन से चार किलोमीटर दूर बंजरिया गांव के समीप पहुंच गया. रघिया रेंज के वनकर्मियों को ट्रैकिंग के दौरान उसके ताजा पगमार्क मिले हैं.
गन्ने के खेतों में छिपे होने की आशंका
रेंजर ने बताया कि दोन नहर के उत्तर भाग में बाघ के पगमार्क लोकेट किए गए हैं. हालांकि उसकी मौजूदगी का सटीक स्थान अभी तक नहीं मिल सका है.
वन विभाग के अनुसार नहर के उत्तर में बंजरिया गांव और हरिनगर चीनी मिल के गौंद्रा फार्म क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गन्ने की खड़ी फसल है. घनी फसल होने के कारण बाघ की गतिविधियों का सही पता लगाने में कठिनाई हो रही है.
किसानों और मजदूरों में मचा हड़कंप
बाघ की सूचना मिलते ही क्षेत्र के किसानों और खेतों में काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया. सुरक्षा के मद्देनजर लोगों ने तुरंत खेत खाली कर दिए.
वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और लोगों से सतर्क रहने तथा बाघ दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की गई है.
