बाघ के हमले में मृत ग्रामीण के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा, वन विभाग ने सौंपा चेक

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के पास बाघ के हमले में जान गंवाने वाले अकलू यादव के परिवार को वन विभाग ने 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है. विभाग ने ग्रामीणों से जंगल के आसपास सतर्क रहने की अपील की है.

Bettiah News: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) वन प्रक्षेत्र अंतर्गत विसहा गांव निवासी अकलू यादव की बाघ के हमले में हुई मौत के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता प्रदान की. सोमवार को वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी (रेंजर) सत्यम कुमार ने मृतक की पत्नी को सहायता राशि का चेक सौंपते हुए विभाग की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त की.

Valmikinagar News: बाघ के हमले में गई थी ग्रामीण की जान

वन विभाग के अनुसार अकलू यादव कुछ दिन पहले जंगल से सटे क्षेत्र में बकरी चरा रहे थे. इसी दौरान घात लगाए बाघ ने उन पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल अकलू यादव को स्थानीय ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बन गया था.

वन विभाग ने सौंपा 10 लाख रुपये का चेक

वन विभाग ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नियमानुसार 10 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की. रेंजर सत्यम कुमार ने मृतक की पत्नी को चेक सौंपते हुए कहा कि विभाग पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और हरसंभव सहयोग किया जाएगा.

ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

रेंजर सत्यम कुमार ने कहा कि वन्यजीवों से सटे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने ग्रामीणों से जंगल के किनारे अकेले नहीं जाने, सतर्क रहने तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की.

ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की

मुआवजा मिलने पर मृतक के परिजनों ने वन विभाग का आभार व्यक्त किया. वहीं ग्रामीणों ने जंगल से सटे गांवों में बाघ की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी, नियमित गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

यह भी पढ़ें: पप्पू यादव पर हमले के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >