पश्चिम चंपारण में निकली शिक्षक भर्ती, 8000 तक मिलेगा मानदेय, जानें पूरी डिटेल

पश्चिम चंपारण में 51 सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है. इस परियोजना के तहत न्यूनतम योग्यता इंटरमीडिएट रखी गई है, लेकिन स्नातक और प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी. आवेदन 12 से 16 जुलाई तक स्वीकार किए जाएंगे.

Bettiah Teacher Recruitment: पश्चिम चंपारण के सुदूर और वंचित ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए जिले में एक नई शैक्षणिक पहल शुरू की गई है. विवेकानंद रूरल एजुकेशन फाउंडेशन (VREF) और ज्ञानशाला-सीमैया के संयुक्त तत्वावधान में संचालित V-REFIGGS परियोजना के तहत जिले के 51 सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. प्रत्येक विद्यालय में दो शिक्षकों की तैनाती होगी, ताकि बच्चों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग मिल सके और उनकी सीखने की क्षमता में सुधार हो.

इंटर पास भी कर सकेंगे आवेदन

परियोजना के तहत शिक्षक पद के लिए न्यूनतम योग्यता इंटरमीडिएट निर्धारित की गई है. हालांकि स्नातक (बीए/बीएससी) और डीएलएड/बीएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को चयन में प्राथमिकता मिलेगी. आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 1 जुलाई 2026 तक 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए. संबंधित विद्यालय से तीन किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी.

6000 से 8000 रुपये तक मिलेगा मानदेय

चयनित अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर मासिक मानदेय दिया जाएगा.

  • इंटर पास – ₹6,000 प्रति माह
  • स्नातक – ₹7,000 प्रति माह
  • डीएलएड/बीएड – ₹8,000 प्रति माह

बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने का भी प्रावधान रखा गया है.

12 से 16 जुलाई तक आवेदन, 19 जुलाई को परीक्षा

इच्छुक उम्मीदवार 12 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और साक्षात्कार शामिल होगा. लिखित परीक्षा 19 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी. चयनित अभ्यर्थियों को नरकटियागंज में 10 दिनों का प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया जाएगा.

चार प्रखंडों के 51 स्कूलों में होगी नियुक्ति

इस परियोजना के तहत गौनाहा (13 विद्यालय), नरकटियागंज (12), मैनाटांड़ (11) और सिकटा (15) के कुल 51 सरकारी विद्यालयों को शामिल किया गया है. चयनित शिक्षक इन विद्यालयों में बच्चों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करेंगे और बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में सहयोग करेंगे.

यह भी पढे़ं: मोतिहारी, बेतिया और बगहा में संयुक्त अभियान, जानिए पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद ?


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >