Bettiah News: पश्चिम चंपारण के मैनाटांड़ प्रखंड में किसानों को समय पर और सरकारी दर पर यूरिया उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. सोमवार को कृषि भवन सभागार में आयोजित प्रखंड उर्वरक निगरानी समिति की बैठक में उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.
सरकारी दर पर ही बेचनी होगी यूरिया
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी रमेश कुमार गुप्ता ने सभी खाद विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे केवल सरकारी निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक की बिक्री करें.
उन्होंने कहा कि यदि कोई दुकानदार अधिक कीमत वसूलते, खाद की जमाखोरी करते या किसी प्रकार की अनियमितता करते पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
दुकानों पर लगाना होगा सूचना बोर्ड
बैठक में सभी उर्वरक विक्रेताओं को अपनी दुकानों के बाहर उपलब्ध खाद की मात्रा और निर्धारित बिक्री मूल्य का सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया.
इसके साथ ही किसानों को पॉश (PoS) मशीन पर अंगूठे का सत्यापन करने के बाद ही उर्वरक उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और रिकॉर्ड आधारित बनी रहे.
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में बीडीओ दीपक राम, सीओ सुमंत कुमार, आत्मा अध्यक्ष बृजेश मेहता, भाजपा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष डॉ. धनंजय त्रिपाठी, बीस सूत्री अध्यक्ष संजय पटेल, राजद प्रखंड अध्यक्ष दिनेश यादव, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सुभाष प्रसाद, कृषि समन्वयक तथा प्रखंड के सभी उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहे.
