Bagaha News: पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला और पुरुष फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे. पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना. कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि विस्तृत जांच की आवश्यकता वाले मामलों को संबंधित थानाध्यक्षों एवं अनुसंधान पदाधिकारियों को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया गया.
भूमि विवाद और मारपीट के सबसे अधिक मामले
जनसुनवाई के दौरान सबसे अधिक आवेदन भूमि विवाद, मारपीट और आपसी विवाद से संबंधित प्राप्त हुए. इसके अलावा पुलिस कार्रवाई में देरी, लंबित मामलों के निष्पादन तथा अन्य प्रशासनिक शिकायतों पर भी सुनवाई की गई. एसपी ने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
एसपी राजेश कुमार ने कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्यायसंगत राहत उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है. साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनके शीघ्र निष्पादन पर भी जोर दिया.
पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने का प्रयास
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नियमित जनसुनवाई का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और पुलिस तथा जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना है. उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने का निर्देश दिया. वहीं, जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों ने एसपी के समक्ष सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया.
