Bettiah News: संयुक्त किसान मोर्चा ने मंगलवार को एफटीए विरोधी किसान संकल्प दिवस मनाते हुए भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया. प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा में राष्ट्रपति से भारत-अमेरिका एफटीए पर हस्ताक्षर नहीं करने तथा पूर्व में हुए सभी मुक्त व्यापार समझौतों को निरस्त करने की मांग की गई.
एफटीए से किसानों के हित प्रभावित होने का दावा
सभा को संबोधित करते हुए बिहार राज्य किसान सभा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य चांदसी प्रसाद यादव ने कहा कि भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते से देश की घरेलू अर्थव्यवस्था, आत्मनिर्भरता और किसानों के हित प्रभावित होंगे. उन्होंने कहा कि इस तरह के समझौते से कृषि क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है.
छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा, मुआवजे की मांग
चांदसी प्रसाद यादव ने 20 जुलाई को दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. साथ ही आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की भी मांग उठाई.
गांव-गांव चलाया जाएगा जनजागरण अभियान
किसान सभा के जिला सचिव प्रकाश कुमार वर्मा ने कहा कि किसानों को जागरूक करने के लिए गांव-गांव जनसभाएं आयोजित की जाएंगी और आंदोलन को व्यापक बनाया जाएगा. वहीं रामा यादव ने कहा कि अमेरिकी कृषि उत्पादों के सस्ते आयात से किसानों और सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर नकारात्मक असर पड़ेगा.
कई नेताओं ने रखे अपने विचार
सभा को प्रभुनाथ गुप्ता, शंकर कुमार राव, राधामोहन यादव, ओमप्रकाश क्रांति, मोहम्मद वहीद, मनोज कुशवाहा, शिवशंकर पांडेय, मोहम्मद सहीम, संजीव कुमार राव, संजय सिंह और जयनाथ प्रसाद सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया. सभी ने किसानों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन को मजबूत करने पर जोर दिया.
