पिपरासी के बलुआ ठोरी पंचायत में चार दिन बाद खुले विद्यालय, बच्चों की पढ़ाई फिर हुई शुरू

पश्चिम चंपारण के बलुआ ठोरी पंचायत में चार दिनों के जलभराव के बाद विद्यालय फिर से खुल गए हैं. बच्चों को स्कूल जाते देख अभिभावकों ने राहत की सांस ली है. शिक्षकों के आवेदन के बाद ग्रामीणों के विरोध पर नियमित पठन-पाठन शुरू हुआ.

West Champaran News: गंडक नदी की दो धाराओं के बीच बसे बलुआ ठोरी पंचायत के विद्यालय चार दिन बाद सोमवार को फिर से खुल गए. स्कूल खुलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ाई के लिए पहुंचे, जिससे अभिभावकों ने राहत की सांस ली.

बारिश और जलभराव के कारण विद्यालयों तक जाने वाले सभी रास्ते बंद हो गए थे. इसी वजह से पिछले चार दिनों से पठन-पाठन ठप था.

रास्ता बंद होने से स्कूल नहीं पहुंच पा रहे थे शिक्षक

जलभराव के कारण शिक्षक भी विद्यालय नहीं पहुंच पा रहे थे. इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को आवेदन देकर बरसात खत्म होने तक दूसरे विद्यालयों में टैग करने की मांग की थी.

हालांकि, इस बीच बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित होने लगी.

ग्रामीणों के विरोध के बाद शुरू हुई पढ़ाई

विद्यालय बंद रहने पर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विरोध जताया. इसके बाद सोमवार से सभी विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन शुरू करा दिया गया.

मुखिया संतोष कुशवाहा ने बताया कि आवागमन की समस्या का हवाला देकर शिक्षकों ने चार दिनों तक शैक्षणिक कार्य स्थगित रखा था, जिससे पंचायत के सभी विद्यालय बंद रहे और बच्चे पढ़ाई से वंचित हो गए.

कार्रवाई की चेतावनी के बाद बदली स्थिति

मुखिया ने बताया कि शिक्षकों को स्पष्ट रूप से कहा गया था कि यदि बिना आदेश के शैक्षणिक कार्य बंद रखा गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा जाएगा.

इसके बाद स्थिति में बदलाव आया और विद्यालयों का संचालन फिर से शुरू हुआ.

बीडीओ ने किया था स्थल निरीक्षण

पिछले शनिवार को बीडीओ ने शिक्षकों और अभिभावकों के साथ स्थल का भौतिक सत्यापन किया था. इस दौरान दोनों पक्षों की समस्याएं सुनी गईं.

निरीक्षण के बाद बीडीओ ने निर्देश दिया कि उच्चाधिकारियों से विद्यालय टैगिंग संबंधी कोई आदेश मिलने तक सभी विद्यालयों में नियमित रूप से पढ़ाई जारी रखी जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Israel ansari

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >