Bettiah News: केहूनियां-रोआरी पंचायत के गोवर्धना वार्ड संख्या-9 में वर्षों से जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या को लेकर प्रशासन हरकत में आ गया है. बुधवार को एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा ने बीडीओ सूरज कुमार सिंह, सीओ शमन प्रकाश तथा ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं.
ग्रामीणों ने बताई वर्षों पुरानी परेशानी
ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि ब्लॉक रोड से जमुनिया होते हुए जुड़ी मियां के टोला तक जाने वाली सड़क निर्माण के कुछ समय बाद ही क्षतिग्रस्त हो गई. बरसात के दिनों में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. कई बार शिकायत और विरोध प्रदर्शन के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका.
एसडीएम ने जेई से मांगा जवाब
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने ग्रामीण कार्य विभाग के जूनियर इंजीनियर सुनील कुमार से सड़क की स्थिति को लेकर जवाब-तलब किया. जेई ने बताया कि सड़क पुनर्निर्माण की डीपीआर विभाग को भेजी जा चुकी है. स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.
निर्माण में लापरवाही की होगी जांच
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रस्ताव स्वीकृत होते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाए. साथ ही सड़क निर्माण में हुई कथित लापरवाही की जांच कर संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को भी कहा. उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क परिवहन योजना के तहत करीब पांच वर्ष पहले इस सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन कुछ ही समय बाद यह क्षतिग्रस्त हो गई.
यह भी पढ़ें: बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 को लेकर बेतिया में 102 विज्ञान शिक्षकों का प्रशिक्षण, बताए गए सफलता के मंत्र
