Model School Uniform: पश्चिम चंपारण समेत बिहार के सरस्वती विद्या निकेतन यानी आदर्श मॉडल स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विशिष्ट यूनिफॉर्म योजना को गति मिल गयी है. शिक्षा विभाग ने यूनिफॉर्म तैयार कराने की प्रक्रिया तेज करते हुए विद्यार्थियों की मापी की तिथि तय कर दी है. मापी का काम 8 से 12 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से कराया जाएगा.
8 से 12 सितंबर तक होगी विद्यार्थियों की मापी
माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन कुमार सिंह ने इस संबंध में जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र भेजा है. जीविका की ओर से विद्यार्थियों की संख्या, माप, आकार और तकनीकी निर्देश की मांग की गयी थी. इसके बाद शिक्षा विभाग ने स्टैंडर्ड साइज चार्ट उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी है और विद्यार्थियों की मापी की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है.
कैमरा मोड में होगी पूरी मापी की प्रक्रिया
विद्यार्थियों की मापी इस योजना की खास बात होगी. पूरी मापी कैमरा मोड में करायी जाएगी. इससे विद्यार्थियों की माप सही तरीके से दर्ज करने के साथ पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी. माप के आधार पर विद्यार्थियों के लिए सही साइज की यूनिफॉर्म तैयार कराने की व्यवस्था की जाएगी.
जीविका के अधिकारी भी करेंगे सहयोग
मापी कार्य में जीविका के डीपीएम और बीपीएम सहयोग करेंगे. वहीं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक) और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी स्वयं मौजूद रहेंगे. विभाग की ओर से मापी की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी.
यूनिफॉर्म किट में मिलेंगी ये सामग्री
विशिष्ट यूनिफॉर्म किट में विद्यार्थियों को कई सामग्री दी जाएगी. किट में टी-शर्ट, ट्राउजर, मोजा, जूता, स्कूल बैग, टोपी, स्वेटर और ब्लेजर शामिल होंगे. इसके अलावा छात्रों के लिए टाई और बेल्ट भी किट का हिस्सा होंगे. विद्यार्थियों की पहचान के लिए आईडी कार्ड भी दिया जाएगा.
यूनिफॉर्म योजना को मिल रही गति
शिक्षा विभाग की ओर से मापी की तारीख तय होने के बाद विशिष्ट यूनिफॉर्म योजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया तेज हो गयी है. निर्धारित अवधि में विद्यार्थियों की मापी पूरी होने के बाद उनके साइज के अनुसार यूनिफॉर्म तैयार कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. इससे आदर्श मॉडल स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को निर्धारित यूनिफॉर्म किट उपलब्ध कराने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा.
यह भी पढ़ें: पांच-छह साल बाद खुली नहर की राह, बेलवा माइनर की सफाई शुरू होते ही किसानों में खुशी
