Marwari Yuva Manch Bettiah: बेतिया में मारवाड़ी युवा मंच द्वारा संचालित 'शिक्षा साथी अभियान' के तहत जरूरतमंद बच्चों के बीच शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया. यह कार्यक्रम नगर के बरवत हवाई अड्डा स्थित वनवासी कल्याण आश्रम में आयोजित किया गया.
इस दौरान आश्रम में रहने वाले बच्चों को कॉपी और अन्य आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई.
शिक्षा के प्रति किया प्रेरित
कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनकी पढ़ाई में सहयोग देना था.
मंच के सदस्यों ने बच्चों से नियमित अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया.
बच्चों के चेहरे पर दिखी खुशी
शैक्षणिक सामग्री मिलने के बाद बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला. मंच के सदस्यों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में आगे बढ़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है.
उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे आकर अपना योगदान देना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक सहायता पहुंच सके.
आगे भी जारी रहेंगे ऐसे अभियान
मारवाड़ी युवा मंच, बेतिया शाखा के सदस्यों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे.
कार्यक्रम के अंत में वनवासी कल्याण आश्रम के पदाधिकारियों और सभी मंच सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
