Rise & Fall Season 2: बेतिया से निकलकर सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाने वाले मनीष कश्यप अब रियलिटी शो ‘Rise & Fall Season 2’ में अपना दम दिखाते नजर आएंगे. शो को लेकर जारी एक वीडियो में मनीष कश्यप की एंट्री का ऐलान किया गया है. वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनकी एंट्री और संवाद चर्चा में हैं. खास बात यह है कि मनीष ने शो में आने का ऐलान करते हुए खुद को ‘बिहार का बेटा’ बताते हुए लोगों से आशीर्वाद भी मांगा है.
पेंटहाउस किसी बाप के बपौती नहीं...
वीडियो में मनीष कश्यप अपने चिर-परिचित बेबाक अंदाज में नजर आते हैं. वह कहते हैं, “जीवन एक चुनौती है.” इसके बाद पेंटहाउस को लेकर उनका तेवर और ज्यादा आक्रामक हो जाता है. वह कहते हैं, “पेटहाउस क्या तुम्हारे बाप की बपौती है.” आगे मनीष कहते हैं, “गर्दा-गर्दा माहौल कर देंगे. अपने Rise पर घमंड मत करना, वरना तुम्हें Fall कर देंगे.” प्रोमो के आखिर में वह शो में अपनी एंट्री की घोषणा करते हुए बिहार के लोगों से आशीर्वाद मांगते नजर आते हैं.
बेतिया से शुरू हुआ सफर, अब रियलिटी शो तक
मनीष कश्यप का नाम पश्चिम चंपारण और बेतिया से जुड़ा है. स्थानीय मुद्दों और वीडियो पत्रकारिता के जरिए उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बनाई. इसके बाद उनकी लोकप्रियता बिहार के दूसरे हिस्सों तक पहुंची और वे राजनीति में भी सक्रिय हुए. चनपटिया विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के बाद उनका नाम प्रदेश की राजनीति में भी चर्चा में आया. अब रियलिटी शो के मंच पर उनकी एंट्री को उनके समर्थक बेतिया और बिहार के लिए खास मौके के तौर पर देख रहे हैं. शो के प्रोमो में भी मनीष का पूरा फोकस अपनी बेबाक शैली और चुनौती देने वाले अंदाज पर दिखाई दे रहा है. मनीष बेतिया के डुमरी महनवा के रहने वाले हैं.
15 सेलिब्रिटी, सत्ता का खेल और बदलते समीकरण
'Rise & Fall Season 2’ में कुल 15 सेलिब्रिटी प्रतिभागियों के बीच सत्ता और रणनीति का खेल देखने को मिलेगा. शो में कंटेस्टेंट्स दो हिस्सों में बंटेंगे—Rulers और Workers. Rulers को पेंटहाउस में सुविधाएं और गेम में ताकत मिलेगी, जबकि Workers को बेसमेंट में रहना होगा. टास्क, रणनीति, गठबंधन और वोटिंग के जरिए खिलाड़ी अपनी स्थिति बदल सकेंगे. यानी जो आज पेंटहाउस में है, वह आगे चलकर बेसमेंट में भी पहुंच सकता है.प मनीष कश्यप के अलावा शो में तेज प्रताप यादव, काजल राघवानी, सारा गुरपाल, स्वरा भास्कर, प्रियंका चाहर चौधरी, करण पटेल और शहजाद पूनावाला के नाम भी कंफर्म किए गए हैं.
वीरेंद्र सहवाग संभालेंगे शो की कमान
इस बार ‘Rise & Fall’ की मेजबानी पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग कर रहे हैं. शो का दूसरा सीजन 26 सितंबर से शुरू होने जा रहा है. इसे Prime Video और MX Player पर देखा जा सकेगा. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक शो रोजाना स्ट्रीम होगा. अब देखना दिलचस्प होगा कि बेतिया से निकले मनीष कश्यप पेंटहाउस की सत्ता के इस खेल में अपनी रणनीति से कितना ऊपर उठते हैं और उनके सामने खड़े दूसरे खिलाड़ी उन्हें कितना नीचे खींच पाते हैं. वीडियो ने फिलहाल इतना संकेत जरूर दे दिया है कि मनीष की एंट्री के साथ शो में बिहार का अंदाज और बेबाक संवाद देखने को मिलेगा.
