Bettiah News: मझौलिया थाना क्षेत्र के धोकराह पंचायत वार्ड नंबर 11 में गुरुवार रात पुलिस ने जितेंद्र शर्मा के घर से 27 वर्षीय गुड़िया देवी का शव बरामद किया. महिला का शव घर के कमरे में चौकी पर पड़ा मिला. गले पर लाल कटे निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया है.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, विवाद की भी बात सामने
घटना की सूचना पर पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कपड़े समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं. दरोगा संतोष कुमार ने बताया कि घटना से पहले परिवार में विवाद हुआ था, जिसे डायल 112 टीम ने शांत कराया था. बाद में महिला के फांसी लगाने की सूचना मिली.
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के भाई रूपेश कुमार ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि बहन को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. मृतका की शादी 2014 में हुई थी और उसके तीन छोटे बच्चे हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच जारी
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा. फिलहाल मामला दर्ज नहीं हुआ है और ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
