Bettiah News: जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर नौतन प्रखंड के खड्डा पतहरी स्थित स्टेडियम का भवन पिछले करीब दो दशक से अधूरा पड़ा है. तत्कालीन कला, खेल एवं सांस्कृतिक मंत्री रेणु देवी के कार्यकाल में स्टेडियम निर्माण को स्वीकृति मिली थी, लेकिन आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका. इससे खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
खिलाड़ियों ने कई बार उठाई मांग
जवाहर फुटबॉल क्लब के वरीय खिलाड़ी सुनील कुमार गुप्ता, सचिव अवध बिहारी प्रसाद, एम. हनीफ अंसारी, अशर्फी प्रसाद, ओमप्रकाश और राजन दत्त द्विवेदी समेत कई खिलाड़ियों ने बताया कि स्टेडियम निर्माण पूरा कराने के लिए सांसद, विधायक और जिलाधिकारी को कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई.
विधानसभा तक पहुंचा मामला
खिलाड़ियों की मांग पर पूर्व विधायक मनोरमा प्रसाद और वर्तमान विधायक सह पूर्व मंत्री नारायण प्रसाद ने कई बार विधानसभा में स्टेडियम निर्माण का मुद्दा उठाया. इसके बाद विभागीय अधिकारियों की टीम ने स्थल का निरीक्षण भी किया, लेकिन निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं हो सका.
राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं की रही पहचान
खड्डा पतहरी का खेल मैदान आसपास के सनसरैया, धूमनगर, बैकुंठवा, पूर्वी नौतन और बैरिया प्रखंड के बगही पंचायत सहित कई क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए प्रमुख खेल केंद्र रहा है. यहां कई बार राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा चुका है. खिलाड़ियों का कहना है कि स्टेडियम पूरा होने से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.
