Bettiah News: बेतिया. जिला पदाधिकारी के निर्देश पर रविवार को बेतिया के ऐतिहासिक कालीधाम मंदिर परिसर का एडीएम सह बेतिया राज प्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा और सदर एसडीएम विकास कुमार ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया. अधिकारियों के पहुंचने की सूचना पर मंदिर के आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गये. मौके पर नगर थाने की पुलिस भी मौजूद रही. निरीक्षण के दौरान मंदिर के भवन, कमरों और उससे जुड़ी जमीन के इस्तेमाल को लेकर कई शिकायतें अधिकारियों के सामने रखी गयीं.
मंदिर के कमरों और जमीन के इस्तेमाल को लेकर शिकायत
स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को बताया कि कालीधाम मंदिर के भवन में बने कमरों और उससे जुड़ी जमीन का कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है. इसके साथ ही कमरों में रहने वाले लोगों से किराये के रूप में राशि वसूले जाने की शिकायत भी अधिकारियों से की गयी.
निरीक्षण में सामने आयीं कई तरह की अनियमितताएं
एडीएम अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि कालीधाम मंदिर के भवन, कमरों और उससे जुड़ी भूमि का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया है. निरीक्षण के दौरान कई तरह की अनियमितताएं भी सामने आयी हैं. कमरों में रहने और जमीन के व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर लोगों के बीच विवाद की स्थिति पायी गयी.
अधिकारियों ने दोनों पक्षों से जाना पूरा मामला
विवाद से जुड़े दोनों पक्षों से अधिकारियों ने बातचीत की और उनका पक्ष जाना. हालांकि, प्रारंभिक जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामले में कौन पक्ष सही है और कौन गलत. अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से संबंधित जानकारी ली और शिकायतों को गंभीरता से सुना.
कई लोगों ने अधिकारियों को सौंपे शिकायत आवेदन
निरीक्षण के दौरान कई लोगों ने अपनी शिकायतों से संबंधित आवेदन भी अधिकारियों को सौंपे. स्थानीय लोगों की ओर से मंदिर के भवन और भूमि के उपयोग को लेकर अलग-अलग बातें अधिकारियों के समक्ष रखी गयीं. प्राप्त आवेदनों को भी जांच का हिस्सा बनाया जायेगा.
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
एडीएम अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आये तथ्यों और प्राप्त आवेदनों के आधार पर जांच रिपोर्ट तैयार की जायेगी. रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जायेगी. इसके बाद जिलाधिकारी के स्तर से जो निर्देश प्राप्त होगा, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी.
यह भी पढ़ें: नरकटियागंज रेलवे जंक्शन का डीआरएम ने किया औचक निरीक्षण, गंदगी और अंधेरा देख भड़के