Bettiah News: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की महत्वाकांक्षी पहल मेरा युवा भारत (माय भारत) देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रमुख डिजिटल मंच बनकर उभर रही है. माय भारत, पश्चिम चम्पारण के जिला युवा अधिकारी शशांक मित्तल ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देशों में शामिल है, जहां लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है. ऐसे में युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा देकर विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को तेजी से हासिल किया जा सकता है.
उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर 2023 को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माय भारत की शुरुआत की थी. इसका उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है.
युवाओं को मिलेगा नेतृत्व और सामाजिक सेवा का अवसर
शशांक मित्तल ने कहा कि माय भारत केवल पंजीकरण पोर्टल नहीं, बल्कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है. इस पर पंजीकरण करने वाले युवा स्वयंसेवक के रूप में विभिन्न सरकारी अभियानों से जुड़ सकते हैं, प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं, नेतृत्व क्षमता विकसित कर सकते हैं और अपने कार्यों का डिजिटल प्रोफाइल भी तैयार कर सकते हैं.
पोर्टल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, खेल, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, संस्कृति, नशामुक्ति, डिजिटल साक्षरता, रक्तदान और सामुदायिक विकास जैसे अभियानों में भाग लेने का अवसर मिलता है.
अनुभव आधारित सीख से विकसित होगी नेतृत्व क्षमता
उन्होंने बताया कि माय भारत के तहत संचालित एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम (ईएलपी) युवाओं को समाज के बीच रहकर वास्तविक समस्याओं को समझने और उनके समाधान पर काम करने का अवसर देता है. इससे नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है.
उन्होंने कहा कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2026 के माध्यम से देशभर के युवाओं को अपने विचार और नवाचार राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला, जिससे युवाओं की भागीदारी नीति निर्माण तक पहुंच रही है.
गांव-गांव में बनेंगे युवा मंडल
शशांक मित्तल ने कहा कि माय भारत गांव, पंचायत और नगर स्तर पर युवा मंडलों के गठन पर विशेष जोर दे रहा है. इन मंडलों के माध्यम से खेल, कला, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर नेतृत्व तैयार होगा.
20 जुलाई तक करें पंजीकरण
वर्तमान में नशामुक्त भारत अभियान के तहत नृत्य, नाटक, संगीत, रैप, स्लैम पोएट्री, वाद-विवाद और रील निर्माण जैसी प्रतियोगिताओं के लिए पंजीकरण जारी है. इच्छुक युवा 20 जुलाई तक माय भारत पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं.
जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी बिहार राज्य स्तर पर पश्चिम चम्पारण का प्रतिनिधित्व करेंगे. राज्य स्तर के विजेताओं को 14 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी 15 अगस्त को नई दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री का संबोधन प्रत्यक्ष सुन सकेंगे.
युवाओं से जुड़ने की अपील
जिला युवा अधिकारी शशांक मित्तल ने जिले के युवाओं से माय भारत से जुड़कर राष्ट्र निर्माण की इस मुहिम का हिस्सा बनने की अपील की. उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब युवा केवल रोजगार तलाशने वाले नहीं, बल्कि नेतृत्व करने वाले, नवाचार को बढ़ावा देने वाले और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले बनेंगे.
