बेतिया. पुलिस टीम ने छापेमारी कर अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने पूर्वी चंपारण में छापेमारी कर चोरी के दो बोलेरो के साथ दो बदमाशों को गिरफ्तार की है. पुलिस अधीक्षक डा शौर्य सुमन ने बताया कि पूर्वी चंपारण के पहाड़पुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इब्राहिमपुर निवासी नंदू चौरसिया व मेहसी थाना क्षेत्र के पुरानी मेहसी निवासी धीरज कुमार को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से चोरी की दो बोलेरो बरामद की गई है. इनमें से एक बोलेरो विगत 12 जनवरी को नौतन थाना क्षेत्र के डबरिया में आई बारात से चोरी हुई थी. जबकि दूसरी बोलेरो पूर्वी चंपारण के पहाड़पुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी. बदमाशों ने पहाड़पुर से चोरी हुई बोलेरो के इंजन और चेचिस नंबर में छेड़छाड़ किया है. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार नंदू का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ चनपटिया व पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि थाना में लूट का मामला दर्ज है. वाहन चोरी के इस घटना में कुछ अन्य बदमाशों की भी संलिप्तता रही है. पुलिस उनकी पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी हो रही है. एसपी ने बताया कि 12 जनवरी को नौतन में आई बारात और 18 फरवरी को जगदीशपुर के गम्हरिया में आई बारात से अलग-अलग दो बोलेरो की चोरी हुई थी. चोरी की दोनों घटनाओं के बाद बोलेरो की बरामदगी और इसमें शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सदर एसडीपीओ टू रजनीश कांत प्रियदर्शी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. घटनास्थल पर टावर डंप से इसमें शामिल अपराधियों को चिन्हित किया गया. फिर पुलिस टीम ने छापेमारी कर नंदू चौरसिया को गिरफ्तार किया और उसके पास से चोरी की एक बोलेरो बरामद की गई. सत्यापन के दौरान पता चला कि बरामद बोलेरो पहाड़पुर से चोरी की गई थी. नंदू चौरसिया के निशानदेही पर पुलिस धीरज कुमार को गिरफ्तार की. धीरज के पास से नौतन से चोरी हुई बोलेरो बरामद हुई. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों बदमाशों ने वाहन चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया है. एसपी ने बताया कि वाहन चोरी के गैंग में पांच-छह अपराधी शामिल है. शेष बचे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी हो रही है. छापेमारी टीम में एसडीपीओ टू के अलावा तकनीकी शाखा प्रभारी ज्वाला कुमार सिंह, नौतन थानाध्यक्ष राजेश कुमार, जगदीशपुर थानाध्यक्ष राहुल सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक नरेश कुमार आदि शामिल रहे. ———————————- लापरवाही पर एएसआई सस्पेंड एसपी ने नौतन थाने के जमादार बिंदेश्वरी यादव को निलंबित कर दिया है. कार्य में लापरवाही की वजह से उन्हें निलंबित किया गया है. एसपी ने बताया कि वाहन चोर गिरोह में जो अपराधी शामिल है, उसमें से एक जगदीशपुर का है और लूट कांड के मामले में फरार है. जमानत मुक्त अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर पुलिस इनका सत्यापन कर रही है, लेकिन इस मामले में जमादार की लापरवाही उजागर हुई है. जिस कारण उन्हें निलंबित किया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
