मूसलाधार बारिश से भीषण गर्मी से मिली राहत, खिले किसानों के चेहरे और धान रोपनी में आई तेजी

अंचल क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी है. इस बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी जमा हो गया है, जिससे किसानों के चेहरे पर खुशी है और धान रोपनी के काम में तेजी आई है. हालांकि, जलजमाव के कारण आवागमन में भी दिक्कतें बढ़ गई हैं.

Nautan Heavy Rain: अंचल क्षेत्र में भीषण और चिलचिलाती गर्मी से परेशान आम लोगों को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है. गुरुवार की रात हुई जोरदार मूसलाधार बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. इस झमाझम बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त पानी जमा हो गया है. जिससे स्थानीय किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं. शुक्रवार की अहले सुबह से ही किसान अपने-अपने खेतों की ओर रुख कर चुके हैं. और धान की रोपनी के लिए बारिश के पानी को खेतों में सुरक्षित रखने की जुगत में जुट गए हैं. इस बारिश से धान की रोपनी के काम में अचानक काफी तेजी आ गई है. हालांकि. खेतों में एक साथ पानी लगने के कारण अब क्षेत्र में कृषि मजदूरों की भारी किल्लत भी देखने को मिल रही है.

महंगे पंप सेट से मिली मुक्ति, आर्थिक नुकसान से बचे किसान

इस सीजन में पहली बार हुई इस मूसलाधार बारिश ने गन्ना उत्पादकों और धान की खेती करने वाले किसानों को संजीवनी दी है. इस बारिश से पहले तक मानसून की बेरुखी के कारण किसान महंगे डीजल और पंप सेट के सहारे खेतों की सिंचाई कर धान की रोपनी करने को मजबूर थे. जिससे किसानों की लागत लगातार बढ़ रही थी और उनकी आर्थिक स्थिति बदहाल होती जा रही थी. अब प्रकृति की इस मेहरबानी के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है. और वे पूरे उत्साह के साथ अपनी पारंपरिक खेती-किसानी के काम में दोबारा व्यस्त हो गए हैं.

मुख्य सड़कों से लेकर गांवों तक जलजमाव, आवागमन में बढ़ी परेशानी

एक तरफ जहां इस बारिश ने अन्नदाताओं को बड़ी राहत दी है. वहीं दूसरी तरफ मुसलाधार बारिश के कारण अंचल क्षेत्र के गांवों से लेकर मुख्य संपर्क सड़कों पर भारी जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है. सड़कों पर पानी भर जाने की वजह से आम लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. बारिश की रफ्तार इतनी तेज थी कि क्षेत्र में जगह-जगह ग्रामीण और मुख्य सड़कें टूट गई हैं. इन टूटी हुई सड़कों और गड्ढों में पानी भर जाने के कारण वाहनों के परिचालन में भारी परेशानी हो रही है. जिससे हादसे की आशंका भी बढ़ गई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Raj kumar paswan

राजकुमार पासवान वर्ष 2001 से पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. इन्होंने दस्यु सरगनाओं के आतंक, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर अपनी अलग पहचान बनाई. वर्तमान में वे प्रभात खबर से संवाददाता के रूप में जुड़े हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >