West Champaran News: नवलपुर बाजार में सोमवार को एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर करीब 15 लोगों को काटकर घायल कर दिया. घायलों में महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं. कुत्ते के हमले के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई. सभी घायलों को इलाज के लिए योगापट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन यहां एंटी-रेबीज वैक्सीन और रेबीज इम्युनोग्लोबुलिन उपलब्ध नहीं होने से मरीजों की परेशानी बढ़ गई.
Yogapatti News: आवारा कुत्ते ने करीब 15 लोगों को काटा
नवलपुर बाजार में कुत्ते के अचानक हमले से लोगों में दहशत फैल गई. कुत्ते ने बाजार में मौजूद कई लोगों को अपना शिकार बनाया. घायलों में ललन चौधरी, मुन्नी देवी, संजय कुमार, शिवानी कुमारी, मदन गद्दी और दयानंद तिवारी समेत करीब 15 लोग शामिल हैं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को योगापट्टी सीएचसी पहुंचाया गया.
अस्पताल पहुंचे तो एंटी-रेबीज वैक्सीन नहीं मिली
कुत्ते के काटने के बाद जरूरी इलाज के लिए योगापट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे मरीजों को वहां एंटी-रेबीज वैक्सीन और रेबीज इम्युनोग्लोबुलिन उपलब्ध नहीं मिला.
इस कारण कई मरीजों को जरूरी एंटी-रेबीज इंजेक्शन के बिना ही लौटना पड़ा. इससे घायलों और उनके परिजनों में नाराजगी देखी गई.
जिला से वैक्सीन नहीं मिलने से नहीं लग सकी सुई
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अब्दुल गनी ने बताया कि जिला स्तर से एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण कुत्ते के काटने वाले मरीजों को एंटी-रेबीज सुई नहीं लगाई जा सकी.
उन्होंने बताया कि सभी घायलों को टीटी का इंजेक्शन और प्राथमिक उपचार दिया गया.
ग्रामीणों ने तत्काल वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से योगापट्टी सीएचसी में तत्काल एंटी-रेबीज वैक्सीन और रेबीज इम्युनोग्लोबुलिन उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ते के काटने के बाद समय पर जरूरी उपचार नहीं मिलने से लोगों की चिंता बढ़ गई है.
आवारा कुत्तों को हटाने की भी मांग
ग्रामीणों ने नवलपुर बाजार और आसपास के इलाकों से आवारा कुत्तों को हटाने की मांग भी की है. लोगों का कहना है कि बाजार और रिहायशी इलाकों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है.
यह भी पढ़ें: बेतिया: 164 छात्र-छात्राओं ने खेल प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा, विजेताओं को मिला सम्मान
