Bettiah News: बेतिया. डीके शिकारपुर पंचायत में सोमवार को दो दिवसीय खेलकूद महोत्सव का शुभारंभ हुआ. पंचायत के विभिन्न प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के 164 छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. आयोजन की शुरुआत दौड़ प्रतियोगिता से हुई, जबकि बाद में क्विज और कैरमबोर्ड प्रतियोगिता भी आयोजित की गई.
Narkatiaganj News: दौड़ प्रतियोगिता से हुआ खेल महोत्सव का शुभारंभ
खेल महोत्सव की शुरुआत प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक अवधेश तिवारी, लक्ष्मण भगत एवं मुखिया राहुल जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ प्रतियोगिता से की. प्रतियोगिता में प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय स्तर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
छात्रा वर्ग में इन प्रतिभागियों ने हासिल किया स्थान
प्राथमिक विद्यालय छात्रा वर्ग की दौड़ में गायत्री कुमारी ने प्रथम, राजनंदनी ने द्वितीय और आकांक्षा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं मध्य विद्यालय छात्रा वर्ग में मनिता कुमारी प्रथम, सोनी कुमारी द्वितीय और राधा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं.
छात्र वर्ग में भी बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
प्राथमिक विद्यालय छात्र वर्ग में रौशन कुमार ने प्रथम, इमामुल मियां ने द्वितीय और आयुष कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया. मध्य विद्यालय छात्र वर्ग में रूपेश कुमार प्रथम, सुजीत कुमार द्वितीय और अलाउद्दीन अंसारी तृतीय रहे.
विजेताओं को मेडल और मोमेंटो देकर किया सम्मानित
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने मेडल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया. सम्मान मिलने के बाद बच्चों में खासा उत्साह देखा गया. इसके बाद क्विज और कैरमबोर्ड प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया.
पढ़ाई के साथ खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देना जरूरी : बीईओ
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने मुखिया राहुल जायसवाल की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ बच्चों में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देना भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं के लिए आगे रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हैं.
पंचायत को शिक्षित और प्रतिभावान बनाने का लक्ष्य : मुखिया
मुखिया राहुल जायसवाल ने कहा कि उनका लक्ष्य पंचायत को शिक्षित और प्रतिभावान बनाना है. उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने से उनके सर्वांगीण विकास में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें: पूसा कृषि विवि में प्रसार शिक्षा परिषद की बैठक: कुलपति ने कहा- केवल उत्पादन नहीं, किसानों को उद्यमी बनाने पर दें जोर
