Bettiah News: योगापट्टी में राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय लक्षनौता में शिक्षा व्यवस्था की बदहाल स्थिति सामने आई है. विद्यालय के दो कमरे जर्जर होने के कारण बच्चों की पढ़ाई घास-फूस और करकट से बनी अस्थायी झोपड़ी में कराई जा रही है. विद्यालय की करीब एक कट्ठा जमीन पर अतिक्रमण के कारण नए भवन का निर्माण भी वर्षों से अटका हुआ है. मंगलवार को अंचलाधिकारी विक्रम सिंह ने विद्यालय का औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और जल्द भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने का भरोसा दिया.
Yogapatti News: जर्जर कमरों के कारण झोपड़ी में हो रही पढ़ाई
विद्यालय के दो कमरे पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं. ऐसे में बच्चों को सुरक्षित कक्ष उपलब्ध नहीं होने के कारण अस्थायी झोपड़ी में पढ़ाया जा रहा है.
ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर भवन कभी भी हादसे का कारण बन सकता है. बारिश के दिनों में विद्यालय परिसर में जलजमाव की समस्या भी बच्चों और शिक्षकों की परेशानी बढ़ा देती है.
अतिक्रमण के कारण वर्षों से अटका नया भवन
विद्यालय की करीब एक कट्ठा जमीन पर अतिक्रमण होने के कारण नए भवन का निर्माण नहीं हो पा रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, अतिक्रमण हटाने को लेकर कई बार प्रशासन से गुहार लगायी गयी, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यालय की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराकर नया भवन बनवाने की मांग की है.
सीओ ने किया औचक निरीक्षण, बच्चों से पूछे सवाल
मंगलवार को अंचलाधिकारी विक्रम सिंह विद्यालय पहुंचे और जर्जर भवन, अतिक्रमित भूमि तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली.
उन्होंने बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई, गृहकार्य और पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछे. निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक नुरुल होदा समेत तीन शिक्षक अवकाश पर मिले, जबकि मौजूद शिक्षक कक्षाओं में बच्चों को पढ़ाते पाए गए.
शौचालय, पेयजल और सड़क की भी मांग
ग्रामीणों ने विद्यालय में नया भवन बनवाने के साथ शौचालय, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की.
ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षित भवन और जरूरी सुविधाओं के अभाव में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. विद्यालय की जमीन को जल्द अतिक्रमणमुक्त कराकर निर्माण कार्य शुरू कराने की जरूरत है.
यह भी पढ़ें: दो दशक बाद सड़क बनने की जगी उम्मीद, पेड़ और बिजली पोल ने फिर रोक दिया काम
