मोतिहारी, बेतिया और बगहा में संयुक्त अभियान, जानिए पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद ?

चंपारण रेंज में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने दो दिन का विशेष अभियान चलाया, जिसमें 677 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. इनमें 592 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

Bihar Police Action: चंपारण रेंज में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने दो दिवसीय समकालीन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) हर किशोर राय के निर्देश पर मोतिहारी, बेतिया और बगहा पुलिस ने 11 और 12 जुलाई को संयुक्त अभियान चलाया. इस दौरान कुल 677 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. इनमें 322 कांडों के अभियुक्त और 355 वारंटी शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपितों में से 592 को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

118 इश्तेहार तामील, 76 मामलों में कुर्की

फरार अपराधियों के खिलाफ भी अभियान के दौरान कार्रवाई तेज की गई. पुलिस ने 118 इश्तेहारों का तामिला कराया, जबकि 76 मामलों में कुर्की की कार्रवाई की गई. डीआईजी ने कहा कि लंबित वारंट और फरार अपराधियों पर कार्रवाई अभियान का मुख्य उद्देश्य था.

शराब, गांजा और ब्राउन शुगर बरामद

संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध नशीले पदार्थ और शराब भी बरामद की. इनमें शामिल हैं—

  • 827.9 लीटर देसी शराब
  • 693.39 लीटर विदेशी शराब
  • 5.72 किलोग्राम गांजा
  • 97 ग्राम स्मैक
  • 9.6 ग्राम ब्राउन शुगर
  • एक देसी कट्टा

इसके अलावा पुलिस ने 13 चोरी की मोटरसाइकिल, एक ट्रैक्टर, दो मोबाइल फोन और एक गैस सिलेंडर भी जब्त किया.

मोतिहारी में सबसे ज्यादा गिरफ्तारी

मोतिहारी में सबसे अधिक 436 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए, जिनमें से 388 को जेल भेजा गया. यहां 68 इश्तेहार तामील और 29 कुर्की की कार्रवाई हुई. साथ ही बड़ी मात्रा में गांजा, स्मैक, ब्राउन शुगर, शराब, एक देसी कट्टा, नौ चोरी की बाइक और एक ट्रैक्टर बरामद किया गया.

बेतिया और बगहा में भी बड़ी कार्रवाई

बेतिया में 124 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए और सभी को जेल भेजा गया. यहां 50 इश्तेहार तामील, छह कुर्की की कार्रवाई तथा गांजा, शराब, चोरी की चार बाइक, दो मोबाइल और एक गैस सिलेंडर बरामद हुआ.

वहीं बगहा में 117 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए, जिनमें 80 को जेल भेजा गया. यहां 41 कुर्की की कार्रवाई के साथ देसी और विदेशी शराब भी बरामद की गई.

अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की कवायद

डीआईजी हर किशोर राय ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों के निष्पादन, इश्तेहार और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाना तथा अपराध और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना है. उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे.

यह भी पढ़ें: गंडक बराज पर बढ़ने लगा पानी, क्या आने वाला है बाढ़ का खतरा? जानिए ताजा अपडेट


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >