मैनाटांड़ से रंजीत कुमार पटेल की रिपोर्ट
Bettiah Truck Accident: बेतिया के मैनाटाड़ थाना क्षेत्र के रमपुरवा पश्चिम टोला गांव में शुक्रवार की आधी रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक बस्ती में घुस गया.रफ्तार इतनी तेज थी कि ट्रक ने रास्ते में आने वाली कई चीजों को अपनी चपेट में ले लिया.इस हादसे में बिजली के कई खंभे जमींदोज हो गए और दो रिहायशी मकानों को भी नुकसान पहुंचा है.
आधी रात को मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, एक ट्रक बस्ठा की ओर से मैनाटाड़ की तरफ आ रहा था .इसी दौरान चालक रास्ता भटक गया और वाहन को रमपुरवा गांव की ओर ले गया . रफ्तार पर नियंत्रण खोने के कारण ट्रक ने सबसे पहले लाइन से खड़े आधा दर्जन बिजली के खंभों को पूरी तरह तोड़ डाला .जोरदार आवाज सुनकर अनहोनी की आशंका में ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए.
घरों और पेड़ों को पहुंचाया नुकसान
खंभों को तोड़ने के बाद भी ट्रक नहीं रुका और उसने आगे बढ़कर जयचंद्र पटेल के दो आम के पेड़ों को उखाड़ फेंका.इसके बाद अनियंत्रित वाहन देवराज पटेल और हरेंद्र शर्मा के घरों से जा टकराया, जिससे मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है.हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसका फायदा उठाकर ट्रक चालक अंधेरे में फरार हो गया.
पुलिस ने शांत कराया आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही मैनाटाड़ थाना की डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची .पुलिस ने दुर्घटना से नाराज और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की जांच शुरू की .बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक रक्सौल का है .मैनाटाड़थानाध्यक्षबब्लू कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
