प्रधानाध्यापक बदलने के आदेश पर विवाद: योगापट्टी बीईओ से जवाब तलब, शिक्षक संघ ने जताया कड़ा विरोध

Bettiah News: बेतिया में योगापट्टी बीईओ द्वारा स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक को बदलने का आदेश विवादों में है. स्थापना डीपीओ ने इसे अनधिकृत बताते हुए बीईओ से जवाब तलब किया है. नियम विरुद्ध कार्रवाई पर विभागीय जांच की तलवार लटक गई है. पढ़ें पूरी खबर...

Bettiah News: योगापट्टी के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) उमेश कुमार द्वारा फतेहपुर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक को बदलने का आदेश जारी करना उनके लिए गले की फांस बन गया है. बीईओ ने बृज किशोर राम को जूनियर बताते हुए अतुल कुमार चौबे को प्रभार सौंपने का निर्देश दिया था. जिला शिक्षा कार्यालय के स्थापना डीपीओ कुमार अनुभव ने इस आदेश को पूरी तरह अनधिकृत करार देते हुए बीईओ से स्पष्टीकरण मांगा है.

बीईओ के पास प्रशासनिक फेरबदल का अधिकार नहीं

डीपीओ कुमार अनुभव ने स्पष्ट किया कि प्रखंड शिक्षा अधिकारी शिक्षकों की वरीयता का निर्धारण करने या इसके लिए कार्यपालक आदेश जारी करने के लिए प्राधिकृत पदाधिकारी नहीं हैं. इस तरह के प्रशासनिक निर्णय के लिए एक निर्धारित प्रक्रिया होती है और सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति अनिवार्य है. डीपीओ ने कहा कि इस आदेश से विभाग के भीतर असहज स्थिति पैदा हुई है और अनावश्यक विवाद खड़ा हो गया है.

जवाब नहीं मिलने पर होगी कार्रवाई की अनुशंसा

शिक्षा विभाग ने बीईओ को चेतावनी दी है कि यदि उन्होंने इस अनधिकृत आदेश के पक्ष में विधि सम्मत जवाब नहीं दिया, तो उनके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारियों से अनुशंसा की जाएगी. इधर, बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रखंड सचिव चंद्र भूषण सिंह ने भी इस कदम को स्वेच्छाचारिता बताते हुए उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की है.

शिक्षक संघ ने जताई नाराजगी

शिक्षक संघ का मानना है कि बिना वैधानिक प्रक्रिया के ऐसे आदेश जारी होने से शिक्षा व्यवस्था में अराजकता फैल सकती है. फिलहाल, आरोपित बीईओ उमेश कुमार का पक्ष सामने नहीं आ सका है क्योंकि उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. विभाग अब बीईओ के लिखित जवाब का इंतजार कर रहा है.

बेतिया से रवि रंक की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aaruni Thakur

Aaruni Thakur is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >