बगहा और रामनगर सहित 9 प्रखंडों के बीईओ रडार पर, स्टूडेंट्स प्रोग्रेशन में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई

Bettiah News: बेतिया में यू-डायस पोर्टल पर स्टूडेंट्स रिपोर्टिंग में देरी को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है. डीपीओ गार्गी कुमारी ने 9 बीईओ से स्पष्टीकरण मांगा है, जबकि 100 फीसदी लक्ष्य हासिल करने वाले भितहा प्रखंड की सराहना की गई है. पढ़ें पूरी खबर…

बेतिया से रवि रंक की रिपोर्ट

Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले में शिक्षा विभाग के ‘यू-डायस’ पोर्टल पर स्टूडेंट्स प्रोग्रेशन की शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है. निर्धारित समय सीमा 10 मई बीत जाने के बाद भी जिले की औसत उपलब्धि मात्र 87.22 फीसदी रहने पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है. समग्र शिक्षा अभियान की डीपीओ गार्गी कुमारी ने औसत से कम प्रदर्शन करने वाले 9 प्रखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) से जवाब-तलब करते हुए स्पष्टीकरण की मांग की है.

लापरवाह बीईओ को 24 घंटे का अल्टीमेटम

डीपीओ गार्गी कुमारी ने बताया कि बार-बार निर्देश और एमआईएस संभाग के नोडल अधिकारी अरुण कुमार अकेला की नियमित मॉनिटरिंग के बावजूद कई प्रखंडों में कार्य की गति अत्यंत धीमी रही. सबसे कम उपलब्धि वाले प्रखंडों में बगहा-2 (78.68%), पिपरासी (79.31%), रामनगर (80.82%), लौरिया (82.03%), योगापट्टी (83.18%), मझौलिया (83.26%), चनपटिया (83.60%), बैरिया (84.06%) और बगहा-1 (84.79%) शामिल हैं. इन सभी बीईओ को पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर कारण सहित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है. लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापकों पर भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

भितहा ने हासिल की 100 फीसदी उपलब्धि, इन प्रखंडों को मिली शाबाशी

एक तरफ जहाँ कई प्रखंड पिछड़ रहे हैं, वहीं जिला के 7 प्रखंडों ने शानदार प्रदर्शन किया है. गंडक पार के दियारावर्ती भितहा प्रखंड ने 100 फीसदी रिपोर्टिंग कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है. इसके अलावा गौनाहा (99.80%), नौतन (96.84%), सिकटा (93.22%), मधुबनी (91.04%), नरकटियागंज (90.90%) और मैनाटांड़ (90.02%) के बीईओ को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए विभाग ने शाबाशी दी है.

ठकराहा और मैनाटांड़ को संतोषजनक श्रेणी में रखा

डीपीओ ने बताया कि मैनाटांड़ और ठकराहा प्रखंड की उपलब्धि लगभग 89 फीसदी है, जिसे संतोषजनक माना गया है. हालांकि, इन्हें भी अगले 24 घंटे के भीतर स्टूडेंट्स प्रोग्रेशन रिपोर्ट अपलोड करने का कार्य हर हाल में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया गया है. शिक्षा विभाग का लक्ष्य है कि जिले के प्रत्येक छात्र का डाटा पोर्टल पर जल्द से जल्द अपडेट हो जाए ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >