Bettiah News: पश्चिमी चंपारण के किसानों को खाद की किल्लत और कालाबाजारी से बचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिले के किसानों को निर्धारित मात्रा और सरकारी मूल्य पर ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. डीएम ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि यदि यूरिया के साथ जबरन कीटनाशक बेचने या अधिक मूल्य वसूलने की शिकायत मिली, तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
यूरिया के संतुलित उपयोग और नैनो यूरिया पर जोर
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे खाद की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें. जिले में यूरिया समेत अन्य उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. डीएम ने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे किसानों के बीच जाकर उन्हें यूरिया के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक करें. साथ ही, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए नैनो यूरिया जैसे आधुनिक और वैकल्पिक उर्वरकों के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करें.
शिकायत के लिए अनुमंडलवार हेल्पलाइन नंबर जारी
किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने अनुमंडल स्तर पर हेल्पलाइन नंबर सार्वजनिक किए हैं. यदि कोई दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक राशि मांगता है, तो किसान सीधे इन नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं:
बेतिया सदर अनुमंडल: 8340544273
नरकटियागंज अनुमंडल: 9068880885
बगहा अनुमंडल: 8340456058
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शिकायत मिलते ही मामले की त्वरित जांच की जाएगी और दोषियों के लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ उन पर प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी.
बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट
