Bettiah News: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार के विशेष अभियान बसेरा-2 के तहत शनिवार को योगापट्टी अंचल सभागार में भूमिहीन एवं पात्र परिवारों के बीच बासगीत पर्चा वितरित किया गया. कार्यक्रम में चयनित लाभुकों को 5-5 डिसमिल आवासीय भूमि का पर्चा सौंपा गया. पर्चा मिलने के बाद लाभुकों के चेहरों पर वर्षों का इंतजार खत्म होने की खुशी साफ दिखी. अब उन्हें अपने घर के निर्माण का कानूनी अधिकार मिल गया है.
योगापट्टी के नौ लाभुकों को मिला बासगीत पर्चा
अंचलाधिकारी विक्रम सिंह ने कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को बासगीत पर्चा वितरित किया. उन्होंने बताया कि योगापट्टी अंचल के नौ लाभुकों तथा जिला स्तर पर पांच लाभुकों को विशेष अभियान के तहत आवासीय भूमि का पर्चा प्रदान किया गया है. सभी चयनित लाभुकों को 5-5 डिसमिल जमीन उपलब्ध करायी गयी है.
इन परिवारों को मिली 5-5 डिसमिल जमीन
विश्रामपुर गांव की गीता देवी, सुनीता देवी, सोना देवी, मीरा देवी, शीला देवी, प्रियंका कुमारी, निर्मला देवी, सरोज देवी और गोदावरी देवी को बासगीत पर्चा दिया गया. यह भूमि सरकारी नियमों के तहत आवास निर्माण के लिए उपलब्ध करायी गयी है. पर्चा मिलने के बाद लाभुकों ने कहा कि वर्षों से जमीन के लिए प्रयासरत थे, अब अपना घर बनाने का रास्ता साफ हो गया है.
सम्मान और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा है भूमि का अधिकार
पर्चा प्राप्त करने वाले लाभुकों ने सरकार एवं राजस्व विभाग के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि जमीन का अधिकार केवल आवास बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे परिवार को सम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व का एहसास मिलेगा. लंबे समय से जमीन की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है.
कोई पात्र परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे : सीओ
अंचलाधिकारी विक्रम सिंह ने कहा कि बसेरा-2 अभियान का मुख्य उद्देश्य भूमिहीन एवं वंचित परिवारों की पहचान कर उन्हें आवासीय भूमि उपलब्ध कराना है. सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार जमीन के अभाव में आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि आगे भी पात्र परिवारों की पहचान कर नियमानुसार उन्हें योजना का लाभ दिया जाएगा.
अधिकारी और कर्मी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण कुमार, लिपिक आलोक श्रीवास्तव, डाटा ऑपरेटर विवेक सिंह, कर्मी कौशल कुमार, गोपाल कुमार तथा प्रखंड प्रमुख पति शंभू माली सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: सरकार के 100 दिन पूरे होने पर प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
