नौतन में गंडक का कटाव देख पहुंचे सांसद संजय जायसवाल, सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद, सड़क पर भी खतरा

बेतिया के नौतन प्रखंड में गंडक नदी के बढ़ते कटाव ने किसानों की कमर तोड़ दी है. सैकड़ों एकड़ में लगी धान और गन्ने की फसलें नदी में समा चुकी हैं, जिससे भारी नुकसान हुआ है. चिंता की बात यह है कि बेतिया-गोपालगंज मुख्य मार्ग भी खतरे की जद में आ गया है.

Bettiah News: बेतिया. नौतन प्रखंड के सीमावर्ती मंगलपुर कला पंचायत के बरियारपुर में गंडक नदी का कटाव किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है. नदी के कटाव से सैकड़ों एकड़ में लगी गन्ना और धान की फसलें नदी में समा गयी हैं. किसानों की शिकायत पर मंगलवार को सांसद डॉ. संजय जायसवाल और विधायक नारायण प्रसाद ने कटाव स्थल का निरीक्षण किया.

सैकड़ों एकड़ फसलें नदी में समाईं

नदी का कटाव का निरीक्षण करते सांसद डां संजय जयसवाल विधायक नारायण प्रसाद व अन्य

निरीक्षण के दौरान किसानों ने सांसद और विधायक को नदी के बढ़ते कटाव से हो रहे नुकसान की जानकारी दी. किसानों ने बताया कि कटाव के कारण खेतों में लगी गन्ना और धान की फसलें लगातार नदी की चपेट में आ रही हैं.

किसानों का कहना था कि यदि समय रहते कटाव रोकने की व्यवस्था नहीं की गयी तो आने वाले दिनों में नुकसान और बढ़ सकता है.

बेतिया-गोपालगंज मुख्य मार्ग पर भी खतरा

किसानों ने सांसद और विधायक को बताया कि कटाव पर तत्काल रोक नहीं लगायी गयी तो बेतिया-गोपालगंज मुख्य मार्ग भी नदी की चपेट में आ सकता है. इससे बिहार के दो जिलों के बीच आवागमन प्रभावित होने के साथ दो राज्यों से आने-जाने का संपर्क भी बाधित होने की आशंका जतायी गयी.

किसानों के अनुसार फिलहाल नदी में पानी अधिक होने के कारण कटाव की गति कुछ धीमी है. पानी कम होते ही कटाव और तेज होने की आशंका है.

चार ठोकर निर्माण की मांग

किसानों ने तत्काल कटाव रोकने के लिए चार ठोकरों के निर्माण की मांग की. समस्या के समाधान को लेकर सांसद डॉ. संजय जायसवाल और विधायक नारायण प्रसाद ने जिले के वरीय अधिकारियों से बातचीत की.

दोनों ने जल संसाधन विभाग के एसडीओ तनवीर से भी काफी देर तक नदी कटाव रोकने के उपायों को लेकर चर्चा की.

सील्टेशन हटने के बाद दूर होगी समस्या : विधायक

विधायक नारायण प्रसाद ने कहा कि गंडक नदी का सील्टेशन हटाने के बाद ही कटाव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा. उन्होंने बताया कि नदी से सील्टेशन हटाने का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जा चुका है.

सांसद और विधायक ने किसानों को कटाव की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिया.

यह भी पढ़ें: आजादी के दशकों बाद भी खाट ही बनी एंबुलेंस, दोन की इस तस्वीर ने खोल दी विकास की जमीनी हकीकत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकुमार पासवान

राजकुमार पासवान वर्ष 2001 से पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. इन्होंने दस्यु सरगनाओं के आतंक, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर अपनी अलग पहचान बनाई. वर्तमान में वे प्रभात खबर से संवाददाता के रूप में जुड़े हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >