Bagaha News: पुलिस जिला बगहा के चौतरवा थाना क्षेत्र में रविवार (07 जून 2026) को उस समय भारी अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब एक विक्षिप्त युवती लक्ष्मीपुर गांव के समीप स्थित एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. युवती को टावर की रेलिंग पकड़कर ऊपर चढ़ते देख आसपास के ग्रामीणों में हाहाकार मच गया और किसी अनप्रिय अनहोनी की आशंका से देखते ही देखते हजारों की संख्या में लोगों का हुजूम मौके पर इकट्ठा हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती टावर पर काफी ऊंचाई तक पहुंच चुकी थी और वहां से कूदने की बात कह रही थी.
उत्तर प्रदेश से भागकर आई युवती
इस हाई वोल्टेज ड्रामे की सूचना जैसे ही स्थानीय प्रशासन को मिली, चौतरवा थाना पुलिस बिना वक्त गंवाए दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के राहत कार्य में जुट गई. करीब एक घंटे से अधिक समय तक पुलिसकर्मियों ने लाउडस्पीकर और इशारों के माध्यम से युवती को समझाने-बुझाने का हरसंभव प्रयास किया. काफी मान-मनौव्वल और पुलिस के आश्वासन के बाद युवती आखिरकार नीचे उतरने के लिए तैयार हुई, जिसके बाद प्रशासन और वहां मौजूद परिजनों ने राहत की सांस ली.
बगहा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) निहार भूषण ने पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करते हुए बताया कि टावर पर चढ़ने वाली युवती की पहचान प्रियंका कुमारी के रूप में की गई है, जो मूल रूप से पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश की रहने वाली है. प्रियंका ने पूर्व में चौतरवा थाना क्षेत्र के ही एक युवक से मजहब और समाज की दीवारों को तोड़कर प्रेम विवाह (Love Marriage) किया था.
नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला
एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि पीड़िता प्रियंका कुमारी अपने पति से मिलने और उसके साथ रहने की कसम खाकर उत्तर प्रदेश से चौतरवा पहुंची थी. लेकिन यहाँ आने पर उसे पता चला कि उसका पति फिलहाल रोजी-रोटी कमाने के सिलसिले में घर से बाहर (दूसरे राज्य) गया हुआ है. ससुराल में पति से मुलाकात नहीं होने और ससुराल वालों के कथित ठंडे रवैये से क्षुब्ध होकर युवती ने यह खौफनाक और आत्मघाती कदम उठा लिया और सीधे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी.
न मिलने पर उठाया आत्मघाती कदम
घटना की खबर आग की तरह फैलते ही आसपास के कई गांवों से हजारों कौतूहली लोग इस ड्रामे को देखने घटना स्थल पर जमा हो गए थे, जिन्हें नियंत्रित करने में पुलिस को काफी पसीना बहाना पड़ा. चौतरवा पुलिस की त्वरित कार्यशैली और सूझबूझ के कारण एक विवाहिता की जान समय रहते सुरक्षित बचा ली गई है. फिलहाल पुलिस टीम युवती को थाने लाकर महिला पुलिसकर्मियों की देखरेख में पूछताछ कर रही है और उसके पति व परिजनों से संपर्क साधकर मामले के स्थायी और कानूनी समाधान की कोशिश में जुटी है.
बगहा से इजरायल अंसारी की रिपोर्ट
