बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha Constable Recruitment: बिहार पुलिस में सिपाही पद पर नियुक्ति के लिए अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों की शारीरिक माप-तौल और प्रमाण-पत्रों की जांच प्रक्रिया रविवार से पुलिस केंद्र, बगहा में शुरू हो गई है. इस पूरी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस जिला प्रशासन द्वारा बड़े स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं. भर्ती शुरू होने के साथ ही पुलिस केंद्र परिसर में नवचयनित अभ्यर्थियों की चहल-पहल काफी बढ़ गई है.
एसपी ने दी जानकारी, 334 अभ्यर्थियों का हुआ है चयन
बगहा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश कुमार ने बताया कि बगहा पुलिस जिला के अंतर्गत कुल 334 अभ्यर्थियों का चयन सिपाही पद के लिए किया गया है. इन सभी सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक माप-तौल, मूल दस्तावेजों की सघन जांच तथा योगदान (जॉइनिंग) से जुड़ी अन्य आवश्यक औपचारिकताओं की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जा रही है. एसपी ने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को आवंटित तिथि और समय पर पुलिस केंद्र में उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है.
मूल दस्तावेजों और वैध पहचान पत्र के साथ पहुंच रहे अभ्यर्थी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी आवश्यक मूल प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक दस्तावेज, चयन से संबंधित प्रवेश पत्र तथा वैध सरकारी पहचान पत्र लाना अनिवार्य है. कागजातों की जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की विसंगति या कमी पाई जाती है, तो संबंधित अभ्यर्थी की उम्मीदवारी पर संकट आ सकता है. पुलिस प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को कड़े अनुशासन में रहने और जांच अधिकारियों के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया है.
पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से योगदान कराने की तैयारी
पुलिस जिला बगहा ने चयनित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहुंचकर इस भर्ती प्रक्रिया को सफल और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें. मुख्यालय के निर्देशानुसार पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और कड़ी निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन की ओर से पुलिस केंद्र परिसर में सुरक्षा, पंजीकरण, बायोमेट्रिक मिलान और प्रमाणपत्रों की स्क्रूटनी के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं ताकि नवचयनित जवानों को योगदान करने में किसी तरह की परेशानी न हो.
