Bettiah News: आयुष्मान भारत योजना के तहत पश्चिम चंपारण जिले में पहली बार निःशुल्क टोटल नी रिप्लेसमेंट सर्जरी सफलतापूर्वक की गई है. सुप्रिया रोड स्थित अष्टविनायक मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में मझरिया शेख निवासी 75 वर्षीय बसदेव साहनी के गंभीर रूप से खराब हो चुके बाएं घुटने का सफल प्रत्यारोपण किया गया. सर्जरी के अगले ही दिन मरीज पूर्ण वजन के साथ चलने-फिरने लगे.
Health News: गंभीर ऑस्टियोआर्थराइटिस से परेशान थे बसदेव
बसदेव साहनी लंबे समय से घुटने के गंभीर ऑस्टियोआर्थराइटिस से पीड़ित थे. लगातार दर्द और चलने-फिरने में परेशानी के कारण उनकी सामान्य दिनचर्या प्रभावित हो गई थी. चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों ने टोटल नी रिप्लेसमेंट की जरूरत बताई.
आयुष्मान भारत योजना के तहत हुआ निःशुल्क ऑपरेशन
बसदेव साहनी की आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्रता पूरी होने के बाद उनका घुटना प्रत्यारोपण पूरी तरह निःशुल्क किया गया. इससे मरीज और उनके परिवार को महंगे इलाज के खर्च से राहत मिली.
डॉ. विवेक कर्ण ने किया सफल घुटना प्रत्यारोपण
अष्टविनायक मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ अस्थि रोग एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. विवेक कर्ण ने मरीज का सफल ऑपरेशन किया. सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति बेहतर रही और अगले ही दिन वह पूर्ण वजन के साथ चलने-फिरने लगे.
आधुनिक तकनीक और बेहतर देखभाल से मिली सफलता
चिकित्सकों के अनुसार मरीज का जल्द चलना आधुनिक सर्जिकल तकनीक और बेहतर पोस्ट ऑपरेटिव केयर का परिणाम है. डॉक्टरों ने बताया कि घुटना प्रत्यारोपण के बाद उचित देखभाल और चिकित्सकीय निगरानी से मरीज को सामान्य गतिविधियों की ओर लौटने में मदद मिलती है.
अब बड़े शहरों में जाने की जरूरत नहीं : डॉक्टर
डॉ. विवेक कर्ण ने बताया कि पश्चिम चंपारण और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को घुटना प्रत्यारोपण जैसी उन्नत सर्जरी के लिए अब बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं होगी. आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है.
यह भी पढ़ें: नरकटियागंज चीनी मिल में कृषक समस्या समाधान कैंप, 85 किसानों ने कृषि यंत्र के लिए किया आवेदन
