Bettiah News: नगर स्थित एमजेके कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा एसडीआरएफ के सहयोग से आयोजित युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया. 6 जुलाई से 12 जुलाई तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक और सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया.
समापन समारोह के मुख्य अतिथि बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के पूर्व प्रॉक्टर प्रो. (डॉ.) रवींद्र कुमार चौधरी ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए आपदा प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित युवा संकट के समय अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की मदद कर समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं.
लिखित परीक्षा में इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी
प्रशिक्षण के दौरान आयोजित लिखित परीक्षा में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. प्रकाश कुमार ने प्रथम, दुर्गेश पांडेय ने द्वितीय और प्रियांशी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. सभी सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.
समाजहित में कौशल का उपयोग करने की अपील
कार्यक्रम का समापन नोडल पदाधिकारी डॉ. इंदु शुक्ला ने किया. उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के अनुशासन, समर्पण और उत्साह की सराहना करते हुए उनसे भविष्य में अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग समाजहित में करने का आह्वान किया.
इस अवसर पर कॉलेज के सहायक अध्यापक डॉ. वीरेश कुमार राम ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया. उन्होंने युवाओं से आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने और मानव सेवा को अपना दायित्व मानने की अपील की.
राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन
समापन समारोह में महाविद्यालय के शिक्षक, प्रशिक्षण दल और सभी प्रतिभागी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता के संकल्प के साथ हुआ.
