तेघड़ा एसडीओ ने हीट वेव से बचाव को लेकर विभागों को दिये निर्देश

डीएम बेगूसराय के निर्देशानुसार भीषण गर्मी एवं हीट वेव (लू) के संभावित प्रभाव को देखते हुए तेघड़ा अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है.

तेघड़ा. डीएम बेगूसराय के निर्देशानुसार भीषण गर्मी एवं हीट वेव (लू) के संभावित प्रभाव को देखते हुए तेघड़ा अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. इसी क्रम में एसडीओ तेघड़ा राकेश कुमार की अध्यक्षता में सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि बढ़ते तापमान के मद्देनजर आमजन के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देना आवश्यक है. उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने स्तर पर हीट वेव से बचाव के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं तथा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें. स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए विशेष व्यवस्था की जाए. साथ ही, एम्बुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट मोड में रखने को कहा गया. शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि स्कूलों के समय में आवश्यकतानुसार परिवर्तन किया जाए एवं बच्चों को लू से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जाए. नगर निकाय एवं प्रखंड प्रशासन को सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था करने तथा छायादार स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. इसके अतिरिक्त श्रम विभाग को निर्माण स्थलों एवं खुले में कार्य कर रहे मजदूरों के लिए विशेष सावधानी बरतने एवं कार्य के समय में बदलाव करने का निर्देश दिया गया. सभी पदाधिकारियों को यह भी कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग करें एवं किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें. अनुमंडल पदाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें तथा हल्के एवं सूती वस्त्र पहनें. उन्होंने यह भी कहा कि लू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें. बैठक में उपस्थित सभी विभागीय पदाधिकारियों ने निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया. प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि हीट वेव से बचाव के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि आमजन सुरक्षित रह सके. मौके पर बीडीओ राकेश कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी बरौनी रणवीर कुमार एवं कार्यपालक पदाधिकारी रिषु कुमारी सहित अनुमंडल के पदाधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

MANISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >