बेगूसराय: तेघड़ा में जनगणना के महत्वपूर्ण कार्य पर उठे सवाल, निदेशालय के निर्देशों की अनदेखी का आरोप

बेगूसराय जिले के तेघड़ा प्रखंड में जनगणना-2027 के डिस्ट्रिक्ट सेंसस हैंडबुक (DCHB) के कार्य को लेकर गंभीर विवाद खड़ा हो गया है. आरोप है कि जनगणना निदेशालय के दिशानिर्देशों की अनदेखी कर फील्ड ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं, जिससे कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है.

Begusarai News: भारत सरकार की जनगणना-2027 के अंतर्गत तैयार की जा रही डिस्ट्रिक्ट सेंसस हैंडबुक (DCHB) के कार्य को लेकर बेगूसराय जिले के तेघड़ा प्रखंड में गंभीर सवाल उठने लगे हैं. आरोप है कि जनगणना निदेशालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनदेखी करते हुए फील्ड ऑफिसरों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिससे इस महत्वपूर्ण कार्य की गुणवत्ता और पूरी प्रक्रिया के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है.

परिपत्र संख्या-09 के उल्लंघन का आरोप

जानकारों के अनुसार, डीसीएचबी जनगणना का अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जो भविष्य की विकास योजनाओं और नीति निर्माण का आधार बनता है. जनगणना निदेशालय के परिपत्र संख्या-09 में स्पष्ट प्रावधान है कि प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को ही फील्ड ऑफिसर का दायित्व सौंपा जाए ताकि विभिन्न विभागों से समन्वय और अभिलेखों का सत्यापन प्रभावी ढंग से हो सके. हालांकि, आरोप है कि तेघड़ा की प्रभारी चार्ज पदाधिकारी सह बीपीआरओ संगीता कुमारी द्वारा जारी आदेश में महिला पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कर्मियों तथा प्रखंड संसाधन केंद्र के संविदा कर्मियों को फील्ड ऑफिसर नियुक्त कर दिया गया है.

पुनर्विचार के लिए दिया गया आवेदन, जिला प्रशासन के निर्णय पर टिकी नजरें

इस निर्णय को लेकर प्रशासनिक महकमे और संबंधित कर्मियों में काफी चर्चा है. लोगों का मानना है कि यदि नियमों के अनुरूप प्रतिनियुक्ति नहीं हुई, तो महत्वपूर्ण आंकड़ों के संकलन पर असर पड़ेगा. मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर प्रतिनियुक्ति आदेश पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया गया है. अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और जनगणना प्राधिकरण के अगले कदम पर टिकी हैं कि इस व्यवस्था में संशोधन किया जाता है या नहीं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Niraj Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >