Rakhi Murder Mystery : बेगूसराय. सिंघौल थाना क्षेत्र के आकाशपुर गांव में शुक्रवार देर रात घर में सो रही 26 वर्षीय राखी कुमारी को गोली मारे जाने के मामले में पुलिस जांच के दौरान कहानी ने नया मोड़ ले लिया है. शुरुआत में मामला अज्ञात बदमाशों द्वारा घर में घुसकर महिला को गोली मारने का बात सामने आ रही थी, लेकिन पुलिस की पड़ताल में पारिवारिक रिश्तों और कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ी कई अहम बातें सामने आई हैं.
पुलिस जांच के मुताबिक, राखी कुमारी का कथित तौर पर अपने ही पति के भतीजे के साथ प्रेम संबंध हो गया था. जानकारी के अनुसार करीब तीन वर्ष पहले दोनों ने शादी भी कर ली थी. इसी रिश्ते को लेकर राखी के पति पिंटू पासवान कथित तौर पर नाराज थे. जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पिंटू की भूमिका को भी मामले में जांच के दायरे में लिया है.
10 साल पहले हुई थी शादी, तीन बच्चे भी हैं
पिंटू पासवान और राखी कुमारी की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी. शादी के बाद दोनों के तीन बच्चे हुए. शुरुआती वर्षों में परिवार सामान्य तरीके से चल रहा था, लेकिन बाद में राखी और उसके पति और भतीजे के बीच कथित प्रेम संबंध की बात सामने आई.
पुलिस के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले राखी और उसके भतीजे ने शादी कर ली थी. इस रिश्ते को लेकर परिवार में विवाद की स्थिति बनी हुई थी. पुलिस अब इसी पारिवारिक विवाद को गोलीकांड की संभावित वजह मानकर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
पति और बच्चे पास में सो रहे थे, फिर कैसे चली गोली?
घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि जिस समय राखी को गोली लगी, उस वक्त उसका पति और बच्चे भी घर में उसके पास ही सो रहे थे. रात के समय गोली चलने के बावजूद घटना की जानकारी पति को नहीं होने की बात सामने आई थी.
गोली राखी के सीने में लगी, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई. घटना के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
शुरुआत में अज्ञात बदमाशों की बात आई सामने
शुरुआत में परिजनों और आसपास के लोगों के बीच यह बात सामने आई थी कि घर में सो रही राखी को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. इसी आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की थी.
पूछताछ के बाद बदली जांच की दिशा
जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ की और राखी के रिश्तों से जुड़ी जानकारी जुटाई. इसी दौरान पुलिस के सामने ऐसी बातें आईं, जिनसे मामला सिर्फ बाहरी बदमाशों के हमले तक सीमित नहीं रहा.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीकांड की पूरी घटना कैसे हुई, गोली किसने चलाई और वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी. जांच में पिंटू पासवान की कथित भूमिका भी सामने आई है. हालांकि, मामले की पूरी तस्वीर पुलिस की जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही साफ होगी.
