Begusarai News : महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को हर वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है. बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन बेगूसराय (खेल विभाग) के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के कार्यक्रम का शानदार आगाज शनिवार को बीपी इंटर विद्यालय, बेगूसराय में हुआ. प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की अलग-अलग आयु वर्ग की टीमों ने विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया.
प्रतियोगिता का उद्घाटन खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय, उप विकास आयुक्त आकाश कुमार, एसपी मनीष कुमार, जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार एवं विद्यालय की प्राचार्या कामिनी कुमारी ने किया.
खेल से मिलता है एकता का संदेश
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि खेल से एकता का संदेश मिलता है. उन्होंने कहा कि उनकी शुभकामना है कि बेगूसराय के बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन करें.
उन्होंने पंचायत स्तर पर बनाए गए सभी खेल मैदानों का सर्वे कराने का आदेश दिया. साथ ही कहा कि शारीरिक शिक्षकों और खेल संघों की सहायता से ग्रामीण स्तर से जिला स्तर तक खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने एवं लोगों को खेल के प्रति जागरूक करने का कार्य किया जाएगा.
युवाओं को नशे से दूर रखने में खेल की अहम भूमिका
डीएम ने कहा कि आज के जो युवा नशे और अन्य नकारात्मक गतिविधियों की ओर भटक रहे हैं, उन्हें खेल से जोड़ने का काम किया जाएगा. इससे समाज के युवा सही दिशा में आगे बढ़ सकेंगे और जिले का नाम रोशन करेंगे.
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने संकल्प लिया कि वह जीवन में हर रोज एक घंटे का समय खेल के लिए देंगे और समाज में जाकर लोगों को खेल के प्रति जागरूक करेंगे.
मेजर ध्यानचंद का जीवन खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत
जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में भारत को अलग पहचान दिलाई. उनकी उपलब्धियों की बदौलत भारत ने ओलंपिक में कई बार स्वर्ण पदक जीता.
उन्होंने कहा कि साधारण परिवार से निकलकर अभावों के बीच संघर्ष करते हुए मेजर ध्यानचंद ने खेल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई. उनका जीवन युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है.
योग प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई. उन्होंने विशेष रूप से योग विधा में प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों अनुष्का कुमारी एवं सतराज कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
वॉलीबॉल में बीपी उच्च विद्यालय की टीम विजेता
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल बालिका वर्ग में बीपी उच्च विद्यालय की टीम ने ज्ञान भारती विद्यालय की टीम को 2-0 से पराजित किया. हैंडबॉल बालक वर्ग में टाउनशिप हैंडबॉल क्लब की टीम ने बीआरडीएवी पब्लिक स्कूल, बरौनी रिफाइनरी को 10-08 से हराया.
हॉकी बालिका वर्ग में महात्मा गांधी उच्च विद्यालय की टीम ने परियोजना बालिका विद्यालय, बदलपुरा की टीम को 2-1 से पराजित किया. वहीं फुटबॉल बालक वर्ग में सरदार पटेल क्लब, बेगूसराय ने मटिहानी फुटबॉल क्लब की टीम को पेनाल्टी शूटआउट में 4-2 से हराया.
विजेता और उपविजेता टीमों को किया सम्मानित
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी ने सभी विजेता एवं उपविजेता टीमों को कप देकर सम्मानित किया. वहीं आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले शारीरिक शिक्षकों को उप विकास आयुक्त, बेगूसराय की ओर से मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया.
Also Read : औरंगाबाद के मदार नदी में स्नान के दौरान तेज धार में बहा 13 वर्षीय किशोर, मौत
विभिन्न खेलों में निर्णायकों ने निभाई भूमिका
फुटबॉल में निर्णायक के रूप में रौशन कुमार राय, अमन कुमार एवं सुजीत कुमार मौजूद रहे. वॉलीबॉल में कृष्ण कुमार एवं अभिजीत कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई. हैंडबॉल में डब्लू कुमार एवं रुपेश कुमार तथा हॉकी में बाबुल कुमार एवं अरविंद कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई.
खेल पदाधिकारी और शारीरिक शिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, शारीरिक शिक्षक चिरंजीवी कुमार ठाकुर, राजेश कुमार रौशन, दीपक कुमार दीप, कन्हैया भारद्वाज, मणिकांत कुमार, निखर कुमार, केशव कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
