Begusarai News : बलिया प्रखंड क्षेत्र के भगतपुर रोड स्थित एक निजी विद्यालय में एलकेजी के करीब 10 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में इलाज के दौरान मौत का मामला सोमवार को सामने आया. मृतक की पहचान नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 15, अख्तियारपुर निवासी स्वर्गीय नरेश यादव के पुत्र बाबू साहेब कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, बाबू साहेब कुमार भगतपुर रोड स्थित नोबेल इंटरनेशनल स्कूल में एलकेजी का छात्र था और विद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था. बताया गया कि बीते 14 अगस्त को बच्चा विद्यालय की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था.
परिजनों को समय पर सूचना नहीं देने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने बच्चे को इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी गई. परिजनों ने बताया कि 15 अगस्त को छात्र की बहन गुंजन कुमारी अपने भाई से मिलने और उसे झंडा देने विद्यालय पहुंची थी. वहां उसे बताया गया कि बच्चा विद्यालय में नहीं है. इसके बाद रविवार की शाम परिजनों को उसके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली. अस्पताल पहुंचने पर बच्चा ऑक्सीजन सपोर्ट पर मिला. सोमवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
बच्चे की मौत के बाद स्कूल पहुंचे परिजन, किया हंगामा
छात्र की मौत की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन शव को लेकर विद्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा किया. हंगामे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षक के वहां से चले जाने की बात भी सामने आई. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को शांत कराया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
आवेदन मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि मृतक छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही छात्र की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Also Read : नवादा में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौत के बाद तीन घंटे तक जाम रहा एनएच-20
