Begusarai News : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किरण नेत्रालय सेवा समिति की ओर से तारा अड्डा ऑक्सीजन फैक्ट्री के निकट, फूलवड़िया-बरौनी में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई. शिविर का संचालन किरण नेत्रालय के निदेशक एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अजीत कुमार के नेतृत्व में किया गया.
आसपास के जिलों से पहुंचे लोग
शिविर में बरौनी, तेघड़ा, बीहट, खगड़िया, समस्तीपुर, लखीसराय सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग जांच कराने पहुंचे. डॉ. अजीत कुमार और उनकी टीम ने 280 से अधिक लोगों की आंखों और दृष्टि की जांच की. जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां और चश्मे भी उपलब्ध कराए गए.
25 मरीजों में मोतियाबिंद की हुई पहचान
जांच के दौरान 25 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान की गई. डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि इन मरीजों का जल्द ही नेत्र सर्जन डॉ. विवेकानंद द्वारा ऑपरेशन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि 40 वर्ष की उम्र के बाद आंखों से संबंधित समस्याओं की संभावना बढ़ जाती है. ऐसे में नियमित रूप से नेत्र जांच कराना जरूरी है.
20 वर्षों से जरूरतमंदों की सेवा कर रही समिति
डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि किरण नेत्रालय सेवा समिति पिछले 20 वर्षों से स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे अवसरों पर गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच एवं इलाज की व्यवस्था करती आ रही है. उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से आंखों की कई गंभीर समस्याओं से बचाव संभव है.
शिविर को सफल बनाने में टीम का रहा योगदान
शिविर को सफल बनाने में ऑप्टोमेट्रिस्ट इंद्रजीत मिश्र, मोनल कुमारी, सानिया कुमारी, आरती कुमारी, राहुल किरपाल, बादल कुमार, मिंटू पासवान, ईशान राय, राहुल सिंह, मनु कुमार, प्रशांत कुमार, सूरज सहित अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा. स्थानीय लोगों ने निःशुल्क नेत्र जांच शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
Also Read : नवादा की खबर प्रकाशित होने के चार दिन बाद भी बंद है नल-जल योजना, ग्रामीणों में आक्रोश
