बेगूसराय : तेज रफ्तार बाइक दुकान की सीढ़ी से टकराई, 22 वर्षीय युवक की मौत; पहले घर पहुंचने की थी कथित होड़

बेगूसराय के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के मेघौल हाईस्कूल चौक के पास तेज रफ्तार अपाची बाइक अनियंत्रित होकर दुकान की सीढ़ी से टकरा गई, जिससे हादसे में 22 वर्षीय राजेश कुमार की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई. इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर बाइक जब्त कर ली है.

Begusarai Road Accident : बेगूसराय के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के मेघौल हाईस्कूल चौक के समीप बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच-55 किनारे रविवार की दोपहर तेज रफ्तार अपाची बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान की पक्की सीढ़ी से टकरा गयी.

इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल ले जाने के बाद उसकी मौत हो गयी. मृतक की पहचान मेघौल पंचायत के वार्ड तीन निवासी मुकेश सहनी के 22 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार के रूप में की गयी है.

थाना परिसर में जांच पड़ताल करते पुलिस

दुर्घटना का कारण और टक्कर

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार राजेश कुमार अपनी अपाची बाइक से तेज गति से जा रहा था. इसी दौरान मेघौल हाइस्कूल चौक के समीप वह बाइक पर नियंत्रण खो बैठा. बाइक सड़क पार करते हुए विपरीत दिशा में चली गयी और मेघौल गांव निवासी ललित सिंह की दुकान की पक्की सीढ़ी से जा टकरायी.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे से पहले राजेश कुमार और उसके एक मित्र के बीच बाइक से पहले घर पहुंचने को लेकर प्रतिस्पर्धा चल रही थी. चर्चा है कि दोनों युवक तेज गति से बाइक चला रहे थे.

अस्पताल में इलाज और मौत

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल खोदावंदपुर पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खोदावंदपुर पहुंचाया.

घटनास्थल पर दुर्घटनाग्रस्त बाइक

वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया. हालांकि सदर अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद युवक की जान नहीं बच सकी.

पुलिस कार्रवाई और जब्ती

मृत्यु के बाद परिजन एंबुलेंस से शव को खोदावंदपुर थाना लेकर पहुंचे. इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया.

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त अपाची बाइक को भी अपने कब्जे में ले लिया है. खोदावंदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

परिवार का परिचय और कोहराम

मृतक राजेश कुमार अपने माता-पिता की संतानों में सबसे बड़ा था. वह दो भाइयों और पांच बहनों में सबसे बड़ा भाई था.

जवान बेटे की मौत से मां मंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. बहन सुमन कुमारी, जानकी कुमारी, अंशु कुमारी, लक्ष्मी कुमारी और प्रियंका कुमारी समेत परिवार के अन्य सदस्यों के विलाप से माहौल गमगीन बना हुआ है.

पिता मुकेश सहनी और छोटे भाई राकेश कुमार की आंखों से भी आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. मिली जानकारी के अनुसार मृतक की दो बहनें सुमन कुमारी और जानकी कुमारी विवाहित हैं, जबकि परिवार के अन्य भाई-बहन अविवाहित हैं. परिवार के सबसे बड़े बेटे के अचानक चले जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजेश कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >