बेगूसराय : चौरचन-तीज एक साथ, झमटिया धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब; NH-28 पर दिनभर लगा रहा भीषण जाम

बेगूसराय के बछवाड़ा के झमटिया धाम गंगा घाट पर चौरचंद्र और हरितालिका तीज पर्व के अवसर पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे एनएच-28 पर भीषण जाम लग गया. हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर शिव मंदिर में जलाभिषेक किया और आगामी पर्वों की तैयारियों को लेकर अनुष्ठान पूरे किए.

Begusarai News : मिथिलांचल का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल झमटिया धाम गंगा घाट पर रविवार को चौरचंद्र और हरितालिका तीज पर्व को लेकर पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. गंगा घाट से लेकर बछवाड़ा बाजार तक दिनभर मेले जैसा दृश्य बना रहा, जिसके चलते एनएच-28 पर छोटी-बड़ी गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और पूरे दिन रुक-रुक कर भीषण जाम की स्थिति बनी रही.

इस जाम के कारण श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम राहगीरों और यात्रियों को भी भारी फजीहत और परेशानियों का सामना करना पड़ा. झमटिया धाम गंगा घाट पर समस्तीपुर, दरभंगा, रोसड़ा, सिंधिया, दलसिंहसराय सहित आसपास के कई जिलों व प्रखंडों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे.

अहले सुबह से ही हर-हर गंगे के जयकारों के बीच गंगा स्नान का सिलसिला शुरू हुआ, जिसके उपरांत श्रद्धालुओं ने घाट स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और अपने-अपने घरों के लिए गंगाजल लेकर प्रस्थान किया.

धार्मिक महत्व और अनुष्ठान

धार्मिक मान्यता है कि झमटिया गंगा घाट पर ब्रह्ममुहूर्त में स्नान करने से सभी प्रकार की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. मनोकामना पूरी होने पर श्रद्धालु यहां गाजे-बाजे के साथ पहुंचकर मुंडन संस्कार और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अन्य मांगलिक अनुष्ठान संपन्न कराते हैं, जिसके चलते प्रत्येक सप्ताह सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को भी यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रहती है.

जलस्तर और सुरक्षा मुश्किलें

हालांकि हाल के दिनों में गंगा के जलस्तर में कमी आई है, लेकिन जल संसाधन विभाग द्वारा सुरक्षा और कटाव निरोधक कार्य के तहत रखे गए बालू भरे बोरों के कारण श्रद्धालुओं को नदी में उतरने और स्नान करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. जोखिम के बावजूद श्रद्धालु बालू से भरे बोरों के ऊपर से होकर गंगा नदी में प्रवेश करते दिखे.

पुजारी का बयान और मान्यता

मंदिर के पुजारी बैजनाथ मिश्र ने बताया कि इस बार चौरचन और तीज पर्व एक ही दिन होने के कारण गंगा स्नान के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं.

इस पावन अवसर पर गंगा स्नान करने का विशेष धार्मिक महत्व है, जिससे सुख, शांति, समृद्धि और धन-धान्य की प्राप्ति होती है. इसी आस्था के साथ व्रतियों और श्रद्धालुओं ने पर्व से पूर्व गंगा स्नान कर तन-मन की शुद्धि की.

आगामी अनुष्ठान

सोमवार की शाम चौरचंद्र पर्व का अनुष्ठान किया जाएगा, जिसको लेकर श्रद्धालुओं में अभी से काफी उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By डबलू कुमार

डबलू कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अकबरनगर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >