बलिया में गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा, कई गांव पानी से घिरे

Begusarai News : बलिया में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से दियारा क्षेत्र के कई गांव बाढ़ से घिर गए हैं. सड़कों पर पानी आने से आवागमन ठप है और 11 स्कूलों को बंद कर दिया गया है.

Begusarai News : गंगा नदी के जलस्तर में मंगलवार की सुबह से तेजी से हो रही वृद्धि ने बलिया प्रखंड के दियारा क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ा दी है. मंगलवार की सुबह से बुधवार की देर शाम तक गंगा के जलस्तर में करीब 70 से 80 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गयी. वहीं, बुधवार की सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने बाढ़ प्रभावित लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण दियारा क्षेत्र के कई नये इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने लगा है.

कई गांव चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिरे

भवानंदपुर पंचायत के शिवनगर, साहपुर, मसूदनपुर एवं भवानंदपुर गांव चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिर गये हैं. मध्य विद्यालय शिवनगर के प्रांगण में करीब दो फीट पानी जमा हो गया है. बाढ़ के पानी के कारण शिवनगर, साहपुर एवं भवानंदपुर के लोगों को प्रखंड मुख्यालय आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

ताजपुर पंचायत के कई गांव भी बाढ़ की चपेट में

ताजपुर पंचायत के गोखलेनगर विष्णुपुर, ताजपुर, मीरअलीपुर एवं शादीपुर गांव भी बाढ़ के पानी से घिर गये हैं. शादीपुर वार्ड संख्या एक में बहौरा कुआं के समीप दोनों पुलिया के बीच मुख्य सड़क पर करीब तीन फीट पानी फैल गया है. इससे वाहनों का परिचालन बंद हो गया है और लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है.

अन्य पंचायतों में भी फैल रहा बाढ़ का पानी

परमानंदपुर पंचायत के सोनदीपी, कमालपुर और हुसैना तथा पहाड़पुर पंचायत के अशर्फा, नौरंगा एवं पहाड़पुर गांव भी बाढ़ से प्रभावित हैं. वहीं, भगतपुर पंचायत के नगरगामा और मीरअलीपुर तथा फतेहपुर पंचायत का एक वार्ड भी बाढ़ की चपेट में आने के कगार पर है.

चेचियाही ढाब में वाहनों का परिचालन बंद

लखमिनियां-मसूदनपुर पथ के चेचियाही ढाब पुलिया पर तीन फीट से अधिक पानी फैल जाने से वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद हो गया है. इससे शिवनगर, साहपुर, मसूदनपुर, भवानंदपुर और मीरअलीपुर सहित कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है. प्रशासन की ओर से लोगों के आवागमन के लिए नावों का परिचालन कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीण जरूरी कार्यों के लिए बलिया बाजार पहुंच रहे हैं.

Also Read : डंडारी में एक्शन मोड में एसडीओ, कार्यालयों से स्कूल और अस्पताल तक किया औचक निरीक्षण

बाढ़ के कारण 11 विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य बंद

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने दियारा क्षेत्र के 11 विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य बंद करा दिया है. बीईओ शैलेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय भवानंदपुर, प्राथमिक विद्यालय सैदपुर, उत्क्रमित उच्च विद्यालय प्लस टू मसुदनपुर, मध्य विद्यालय मसुदनपुर, मध्य विद्यालय शिवनगर, प्राथमिक विद्यालय बेरा साहपुर, अनुसूचित उत्क्रमित मध्य विद्यालय मीरलीपुर, श्री शंकर उच्च विद्यालय गोखलेनगर विष्णुपुर, मध्य विद्यालय गोखलेनगर विष्णुपुर, मध्य विद्यालय मीरलीपुर एवं अनुसूचित प्राथमिक विद्यालय मीरअलीपुर का शैक्षणिक कार्य बंद कराया गया है. इन विद्यालयों के शिक्षकों को शहरी क्षेत्र के विद्यालयों में टैग कर दिया गया है.

Also Read : बरौनी में पंचायत परिसीमन को लेकर बैठक, 10 सितंबर तक कार्य पूरा करने का निर्देश

पांच नावों से कराया जा रहा लोगों का आवागमन

सीओ आकाश कुमार ने बताया कि बाढ़ के कारण मुख्य सड़कों पर पानी फैलने से लोगों के आवागमन के लिए पांच नावों का परिचालन कराया जा रहा है. इनमें तीन नाव लखमिनियां-मसूदनपुर पथ के चेचियाही ढाब में तथा दो नाव ताजपुर पंचायत के वार्ड संख्या दो में चलायी जा रही हैं. प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है. जरूरत पड़ने पर बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी.

Also Read : बेगूसराय में फिर धंसा गुप्ता लखमिनिया गंगा सुरक्षा बांध, स्थायी मरम्मत नहीं होने से बढ़ी चिंता

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कृष्ण कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >