बेगूसराय : बलिया में युवाओं के लिए मुफ्त पुलिस पाठशाला, SSC-CGL से BPSC तक की कराई जा रही तैयारी

बेगूसराय जिले के बलिया अनुमंडल कार्यालय परिसर में आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी युवाओं के लिए निशुल्क 'पुलिस पाठशाला' चलाई जा रही है. डीएसपी सुबोध कुमार और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के मार्गदर्शन में छात्र एसएससी, दरोगा और बीपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं.

Begusarai News : युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन और शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बलिया अनुमंडल कार्यालय परिसर में निशुल्क 'पुलिस पाठशाला' का संचालन पिछले एक महीने से किया जा रहा है. इस पाठशाला का उद्घाटन बीते 27 अगस्त को अपर समाहर्ता (ADM) बृज किशोर चौधरी और डीएसपी सुबोध कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था.

यहां विद्यार्थियों को एसएससी, सीजीएल, इंस्पेक्टर, पुलिस अवर निरीक्षक (दरोगा) सहित बीपीएससी स्तर की विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है.

इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी सुबोध कुमार ने बताया कि पुलिस पाठशाला शुरू करने का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतरीन अवसर प्रदान करना है.

पाठशाला में विद्यार्थियों को विषयवार पढ़ाई कराने के साथ-साथ परीक्षा की रणनीति, सामान्य ज्ञान और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की बारीकी से जानकारी दी जा रही है.

अनुभवी अधिकारियों और शिक्षकों द्वारा मिल रहा मार्गदर्शन

इस पाठशाला में प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे से 8:30 बजे तक नियमित रूप से कक्षाएं संचालित की जाती हैं. विद्यार्थियों को पढ़ाने और मार्गदर्शन देने में प्रशासनिक अधिकारी खुद आगे आ रहे हैं.

इनमें बलिया डीएसपी सुबोध कुमार, हेडक्वार्टर डीएसपी, अंचल अधिकारी आकाश कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी दीपशिखा, जीडीआर उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी और शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Also Read : बेगूसराय : बखरी अनुमंडल कोर्ट में हाईकोर्ट के जज ने सुनी कार्यवाही, प्रस्तावित न्यायालय व आवास स्थल का भी लिया जायजा

अधिकारियों के अनुसार, इस पाठशाला में प्रतियोगी परीक्षाओं की पूरी तैयारी पूरी तरह निशुल्क कराई जा रही है. इस अनूठी पहल से विद्यार्थियों को अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों और शिक्षकों से सीधे तौर पर उच्च स्तर का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है.

नामांकन से जुड़ी जानकारी

पाठशाला में नामांकन लेने के लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति के साथ अपना नामांकन फॉर्म व्यापार मंडल स्थित फेमस कंप्यूटर्स से प्राप्त कर सकते हैं. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस पाठशाला के माध्यम से प्रतिभावान युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिये आवश्यक शैक्षणिक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कृष्ण कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >