मुठभेड़ के दौरान इनामी नक्सली की पत्नी व साथी भी गिरफ्तार

बुधवार की शाम एसटीएफ, डीआइयू टीम, अभियान दल 12, चिता बल एवं तेघड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तेघड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनपुर गांव में 50 हजार का इनामी कुख्यात नक्सली दयानंद मालाकार उर्फ छोटू उर्फ इंद्र कुमार भारती उर्फ कुलवीर उर्फ आकाश उर्फ सनेश, पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था.

तेघड़ा. बुधवार की शाम एसटीएफ, डीआइयू टीम, अभियान दल 12, चिता बल एवं तेघड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तेघड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनपुर गांव में 50 हजार का इनामी कुख्यात नक्सली दयानंद मालाकार उर्फ छोटू उर्फ इंद्र कुमार भारती उर्फ कुलवीर उर्फ आकाश उर्फ सनेश, पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. वहीं इस घटना में एसपी बेगूसराय मनीष की उपस्थिति में मृतक नक्सली की पत्नी ममता देवी और उसका एक साथी खोदावंदपुर निवासी रंजीत मलाकार के साथ भारी मात्रा में हथियार एवं गोली बरामद की गयी है. उक्त घटना के बाद नोनपुर गांव सहित पूरा उत्तरी बेल्ट में पुलिस गतिविधि तेज कर दी गयी है और देर रात शव को कब्जा में लेकर पुलिस ने बेगूसराय सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं नोनपुर गांव में विशेष पुलिस टीम कैंप कर रही है और पूरे मामले पर एसपी बेगूसराय मनीष एवं डीएसपी तेघड़ा कृष्ण कुमार नजर बनाए हुए हैं. वहीं गुरुवार की सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया नक्सली का पोस्टमार्टम उपरांत शव गांव नोनपुर पहुंचते ही परिजन एवं ग्रामीणों में कोहराम मच गया और सैकड़ों की संख्या में महिला पुरुष मृतक नक्सली की शव यात्रा में नारा लगाते हुए शामिल हुए. शवयात्रा में शामिल लोगों ने कहा पुलिस ने गलत तरीके से दयानंद मलाकार की हत्या की है. वह अपने घर पर बैठा था और अचानक पुलिस ने धावा बोला. जब तक वह कुछ बोलता या समझ पाता उसे गोली मार दी गयी, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. मृतक के परिजनों ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. वहीं जानकारों के मुताबिक इस घटना में एक पुलिस बल के घायल होने की भी सूचना है एवं देर रात अंधेरे में हुई कार्रवाई का फायदा उठाकर दर्जनों नक्सली के भागे जाने के भी कयास लगाए जा रहे हैं.

उतर बिहार भाकपा माओवादी का सचिव था नक्सली दयानंद मालाकार उर्फ छोटू उर्फ इंद्र कुमार भारती

वहीं घटनास्थल पर मौजूद एसपी बेगूसराय मनीष ने मीडिया को जानकारी दिया कि 31 दिसंबर को एसटीएफ एसओजी तीन को सूचना प्राप्त हुई कि 50 हजार के इनामी एवं कई कांडों में वांछित कुख्यात नक्सली, तेघड़ा थानान्तर्गत नोनपूर ग्राम स्थित अपने गिरोह के साथ आया हुआ है, जो किसी नक्सली घटना को अंजाम देने के फिराक में है. कुख्यात नक्सली उतर बिहार भाकपा माओवादी का सचिव है. जिसे त्वरित कार्रवाई करने पर पकड़ा जा सकता है एवं बड़ी घटना को टाला जा सकता है. घटना की सूचना उपरांत एसपी बेगूसराय के निर्देश पर एसटीएफ, डीआइयू टीम, अभियान दल 12, चिता बल एवं तेघड़ा पुलिस की टीम नोनपुर गांव पहुंचकर कुख्यात नक्सली दयानंद मालाकार की गिरफ्तारी हेतु उसके घर की घेराबंदी करने लगी. पुलिस की घेराबंदी को देखकर कुख्यात नक्सली दयानंद मालाकार और उसके सहयोगी पुलिस बल पर अंधाधुंध गोलियों चलाने लगा. पुलिस बल के द्वारा कई बार नक्सलियों को आत्मसर्पण करने की चेतावनी देने के बाबजूद भी नक्सली फायरिंग करते रहे. जिसके बाद पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग की जाने लगी और कुछ देर बाद नक्सलियों की ओर से फायरिंग बंद हो गई. घटनास्थल पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया तथा 01 महिला, 01 पुरूष को घटनास्थल के पास से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार महिला ममता देवी ने अपने को मृतक कुख्यात नक्सली दयानंद मलाकार का पत्नी बताया और दूसरे गिरफ्तार खोदाबंदपुर निवासी रंजीत मलाकार ने मृतक को अपना साथी बताया. वहीं पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी ने बताया कि पुलिस फायरिंग के बाद तीन-चार नक्सली बाग-बगीचा का फायदा उठाकर भाग गये. वहीं घटनास्थल से एक देसी इन्सास रायफल, एक देशी कार्बाइन, एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन, नाईन एमएम की गोली नौ पीस, 5.56 एमएएम की गोली 09 पीस एवं 7. 65 एमएम की गोली 07 पीस के साथ एक लेबी पर्चा बरामद किया गया है. घटनास्थल पर एसपी मनीष एवं डीएसपी कृष्ण कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल मौजूद थे.

बेगूसराय पुलिस को वर्षों से थी तलाश

50 हजार रुपये इनामी नक्सली दयानंद मालाकार मोस्ट वांटेड नक्सल अपराधी था. जो तेघड़ा, बरौनी एवं अलौली के चार मामलों में वांछित था एवं जिला के विभिन्न थाना में नक्सल अपराध एवं आर्म्स एक्ट के 14 मामलो का आरोपी था. बेगूसराय पुलिस को उसकी वर्षो से तलाश थी. वहीं 31 दिसंबर की देर शाम हुई मुठभेड मामले में भी तेघड़ा थाना कांड संख्या 01/26 दर्ज कर लिया गया है. वहीं मृतक नक्सली का पोस्टमार्टम उपरांत शव नोनपुर गांव पहुंचने से पहले डीएसपी कृष्ण कुमार के निर्देश पर तेघड़ा थानाध्यक्ष अमित कुमार, पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार मिश्र, नवीन कुमार एवं पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल सुरक्षा के दृष्टिकोण से मौजूद थे. वहीं पूरे घटनास्थल पर बारीकी से एसएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाएं हैं. लोगों के अनुसार दो दर्जन से अधिक बार दोनों ओर से फायरिंग की बात बताई जा रही है.

बरौनी, तेघड़ा व अलौली थाने में दर्जनभर से अधिक मामलों का आरोपित था 50 हजार का इनामी नक्सली

50 हजार इनामी नक्सल दयानंद मालाकार चार मामले 15 मई 2016 को तेघड़ा थाना कांड संख्या 123/16 आर्म्स एक्ट एवं 3/4/5 विस्फोटक अधिनियम एवं 10/15/17 सीएलए एक्ट, तेघड़ा थाना कांड संख्या 285/18, छौड़ाही थाना कांड सं-05/24, अलौली थाना (खगड़िया जिला) कांड संख्या 146/24 में वांछित था और दयानंद मालाकार का अपराधिक इतिहास बरौनी थाना कांड संख्या-359/99, खगड़िया (अलौली) थाना कांड संख्या-06/99, बरौनी के द्वारा वीरपुर थाना कांड संख्या -455/200, बरौनी के द्वारा वीरपुर थाना कांड सं0-224/03, तेघड़ा थाना कांड सं0-113/04, तेघड़ा थाना कांड सं0-35/06, तेघड़ा थाना कांड सं0-148/07, नावकोठी थाना कांड संख्या 65/07, तेघड़ा थाना कांड सं0-54/08, वीरपुर थाना कांड सं0-29/07, वीरपुर थाना कांड सं0-31/08, वीरपुर थाना कांड सं0-32/08, तेघड़ा थाना कांड सं0-123/16, तेघड़ा थाना कांड सं0-285/18 कुल चौदह मामला दर्ज था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

MANISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >