माले कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाल कर बलिया प्रखंड कार्यालय पर किया प्रदर्शन

भाकपा माले और ऐपवा के राज्यव्यापी आह्वान के तहत बलिया में शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने महिला आरक्षण को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया.

बलिया. भाकपा माले और ऐपवा के राज्यव्यापी आह्वान के तहत बलिया में शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने महिला आरक्षण को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बलिया बाजार में जुलूस निकालते हुए बलिया प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन भी किया. प्रदर्शनकारियों ने महिला आरक्षण पर झूठा प्रचार बंद करने, 2023 महिला आरक्षण विधेयक तुरंत लागू करने, दलित-पिछड़ी महिलाओं की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने जैसे गगनभेदी नारे लगाये. प्रदर्शन को संबोधित करते हुये पार्टी जिला सचिव दिवाकर प्रसाद ने कहा कि वर्ष 2023 का महिला आरक्षण विधेयक संसद से ध्वनिमत से पारित हो चुका है, लेकिन केंद्र सरकार अब तक इसे लागू नहीं कर सकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आरक्षण के मुद्दे पर झूठा प्रचार कर चुनावी लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं. जबकि जनता अब उनके दावों को समझ चुकी है. उन्होंने निष्पक्ष परिसीमन कर राष्ट्रीय सहमति बनाने तथा जातीय जनगणना रिपोर्ट शीघ्र प्रकाशित करने की मांग की है. दिवाकर प्रसाद ने बढ़ती महंगाई को देखते हुए मजदूरों की मजदूरी दर बढ़ाने और काम का समय आठ घंटे निर्धारित करने की मांग की. उन्होंने मजदूर आंदोलनों के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और गिरफ्तारी की घटनाओं को सरकार की विफलता बताते हुये जेल में बंद मजदूरों की रिहाई की मांग की. कार्यक्रम को प्रखंड सचिव इन्द्रदेव राम, अमरजीत पासवान, रामकुमार तांती, एहतेशाम अहमद, लडुलाल दास, तपेश्वर महतो, आइसा नेता रजनीश कुमार, मो. नौशाद, टुसा देवी, गीता देवी, बुधनी देवी, पिंकी देवी, रेखा देवी, सविता देवी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी संबोधित किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >