Begusarai News : गौ माता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान के उद्देश्य से चल रहे गो सम्मान आवाहन अभियान को बिहार में लगातार गति मिल रही है. इसी क्रम में पूज्य संतों के प्रतिनिधिमंडल पिछले दिनों बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार भेंट कर गौवंश संरक्षण से जुड़ी राज्य स्तरीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की.
मुख्यमंत्री ने संतों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक रुख व्यक्त किया तथा विषयों पर मंत्रिमंडल में चर्चा कर आगे संतों को आमंत्रित करने का आश्वासन दिया.
संतों ने बिहार में गौहत्या पर प्रभावी एवं कठोर कानून, गौवंश की तस्करी एवं अवैध परिवहन पर रोक, प्रत्येक जिले में सुदृढ़ गोशालाओं की व्यवस्था, गोशालाओं को पर्याप्त चारा एवं चिकित्सा सुविधा, देसी एवं भारतीय वेदलक्षणा गोवंश के संरक्षण-संवर्धन, गोपालकों को प्रोत्साहन तथा गो-आधारित जैविक कृषि एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने सहित विभिन्न मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं.
साध्वी दीदी का बेगूसराय प्रवास
इसी अभियान के तहत बिहार राज्य प्रभारी पूज्य साध्वी दीदी का तीन दिवसीय बेगूसराय प्रवास हुआ. प्रवास के दौरान उन्होंने विभिन्न प्रखंडों एवं नगर क्षेत्रों में संतों, धर्माचार्यों, मातृशक्ति, गौपालकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अभियान के विस्तार की रणनीति बनाई.
संतों और मंदिरों में बैठकें
बछवाड़ा के फतेहा सरकार स्थित गीताधाम में महंत आत्माराम दास जी महाराज से भेंट कर अभियान के संबंध में चर्चा की गई. महंत जी ने अभियान को सहयोग एवं समर्थन देने का आश्वासन दिया.
बीहट के बड़ी माता सिद्धपीठ दुर्गा मंदिर में मातृशक्ति के साथ बैठक कर अभियान को घर-घर तक पहुंचाने एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई. बड़ी एघु में कार्यकर्ताओं की बैठक में जनसंपर्क एवं संगठन विस्तार की रणनीति तय की गई.
विभिन्न क्षेत्रों में टीम गठन
अभियान के प्रचार-प्रसार को मजबूत करने के लिए चिकित्सकों, अधिवक्ताओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए. गढ़पुरा में नौ पंचायतों के प्रतिनिधियों की बैठक में पंचायत स्तर पर टीमों का गठन किया गया.
मटिहानी में संतों, ग्रामीणों एवं गौपालकों की सामूहिक बैठक कर अभियान की टीम गठित करने तथा हस्ताक्षर अभियान को गति देने का निर्णय लिया गया. बीहट एवं बारो में भी कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति की बैठकें आयोजित हुईं.
कार्यकर्ताओं से आह्वान
बिहार राज्य प्रभारी साध्वी दीदी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गौ माता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाते हुए अभियान को व्यापक जनजागरण का स्वरूप दिया जाए.
इस अवसर पर बिहार राज्य गौशाला, गुरुकुल एवं मिथिला-अंग क्षेत्र प्रभारी सहित संत, धर्माचार्य, गौपालक, मातृशक्ति एवं अभियान के कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
